प्रयागराज : कचहरी के सामने नगर निगम ने 1000 अस्थायी चैंबर और 1500 दुकानें तोड़ीं, वकीलों ने की आगजनी
प्रयागराज नगर निगम ने आज सुबह कचहरी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कचहरी के बाहर करीब एक हजार अस्थायी वकीलों के चैंबर तोड़ दिए। आसपास की करीब 1500 दुकानें भी तोड़ दीं। इसके विरोध में वकील और दुकानदार सड़क पर उतर आए। वहां जो सामान बिखरे पड़े थे, जैसे टूटी कुर्सियां, बोर्ड आदि में वकीलों ने आग लगा दी।
अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम टीम बुधवार सुबह 5 बजे 6 बुलडोजर लेकर पहुंची। साथ में पुलिस, RAF और PAC फोर्स रही। चार थाने कर्नलगंज, सिविल लाइंस, शिवकुटी, कैंट थानों की फोर्स साथ रही। कचहरी रोड के दोनों साइड रास्ता बंद कर अतिक्रमण तोड़ा गया। करीब साढ़े चार घंटे लगे, सुबह 9.30 बजे तक कार्रवाई चली। जब खबर पाकर वकील पहुंचने लगे तो कार्रवाई बंद कर टीम चली गई।
कचहरी के वकीलों ने हड़ताल की घोषणा कर दी है। आज दोपहर में जिला अधिवक्ता संघ की इमरजेंसी बैठक होगी। इसमें आगे की रणनीति तय होगी। प्रदर्शन करने वाले वकीलों ने भास्कर से बातचीत में कहा- नगर आयुक्त से हम लोगों ने मांग की थी कि जब तक हमारे अलग चैंबर की व्यवस्था न हो, चैंबर न तोड़ें।
वकीलों ने कहा- नगर आयुक्त ने हमारी बातें मान ली थी। लेकिन, आज सुबह चोरों की तरह टीम आई। हमारी फाइलें, लाखों के स्टाम्प, तमाम कीमती समान, काफी कैश, लैपटॉप उठा ले गए। हम मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि नगर आयुक्त और जिलाधिकारी के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया जाए। इन दोनों का ट्रांसफर भी किया जाए। हमारे चैंबर बनवाए जाएं।