बुलंदशहर में स्मार्ट मीटर के नेगेटिव बैलेंस से आई समस्या, हजारों उपभोक्ताओं की बिजली कटी
बुलंदशहर में स्मार्ट मीटर और प्रीपेड व्यवस्था लागू होने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ा। मार्च माह में हजारों उपभोक्ताओं के मीटर बैलेंस नेगेटिव हो गए, जिसके चलते अस्थायी रूप से बिजली सप्लाई बाधित हुई। इस पूरे मामले पर बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर संजीव कुमार ने स्थिति स्पष्ट की और उपभोक्ताओं से सावधानी बरतने की अपील की।
स्मार्ट मीटर को प्रीपेड सिस्टम में बदलने के बाद अब उपभोक्ताओं को पहले रिचार्ज करना होता है। जिन उपभोक्ताओं का बैलेंस नेगेटिव हो गया, उनकी बिजली सप्लाई अपने आप बंद हो गई। मार्च महीने में कुल 86,072 उपभोक्ताओं का बैलेंस नेगेटिव पाया गया। इनमें से 29,991 उपभोक्ताओं की बिजली अस्थायी रूप से काट दी गई।बिल जमा करने के बाद 24,466 उपभोक्ताओं की सप्लाई बहाल कर दी गई। अभी भी 5,525 उपभोक्ताओं की सप्लाई प्रभावित है।
बुलंदशहर में अब तक 1,33,645 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 1,10,564 मीटर को प्रीपेड में कन्वर्ट किया गया है। अधिकांश उपभोक्ताओं पर पुराना बकाया बिल था। जब मीटर प्रीपेड में बदले गए, तो यह बकाया राशि बैलेंस में जुड़ गई, जिससे मीटर नेगेटिव हो गए।
जैसे ही उपभोक्ता अपना बकाया बिल जमा करते हैं या मीटर रिचार्ज करते हैं, तो 5 से 10 मिनट के अंदर बिजली सप्लाई फिर से चालू हो जाती है। अपने मीटर का बैलेंस नियमित रूप से चेक करें। बैलेंस हमेशा पॉजिटिव रखें, समय पर रिचार्ज करें। अगर पॉजिटिव बैलेंस होने के बावजूद बिजली नहीं आ रही तो तुरंत 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें या संबंधित बिजली अधिकारी से संपर्क करें, जरूरत पड़ने पर बिजली विभाग के कार्यालय जाएं। उपभोक्ता UPPCL स्मार्ट ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, जहां वे रियल टाइम बिजली खपत, बेलेंस देख सकते हैं।
चीफ इंजीनियर संजीव कुमार ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था में उपभोक्ताओं को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेगेटिव बैलेंस होने पर सप्लाई प्रभावित होना स्वाभाविक है समय पर भुगतान ही समस्या का समाधान है।

