बरेली में गाली बकने पर विरोध किया, चाकू मारा, आंते बाहर आईं
बरेली में 8वीं के छात्र की चाकू से गोद कर निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावरों के ताबड़तोड़ वार से उसके पेट से आतें तक बाहर आ गईं। छात्र ने दबंगों के गाली-गलौज करने का विरोध किया था। इसी बात पर झगड़ा हुआ।
परिजन सूचना पर छात्र को हॉस्पिटल ले गए। जहां हालत में सुधार न होने पर उसे दिल्ली एम्स रेफर किया। लेकिन रास्ते में ही छात्र ने दम तोड़ दिया। घटना 30 जनवरी की है। छात्र की मौत 1 फरवरी को हुई। परिवार वालों की शिकायत पर पुलिस ने अब FIR दर्ज की है। हाफिजगंज के रिठौरा के मोहल्ला इंद्रपुरी वॉर्ड नंबर 4 में समीर अपने परिवार के साथ रहता था। पिता-माता और 5 भाई-बहन साथ रहते थे। समीर पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई रिहान (23) और बड़ी बहन आलमीन (21) है।
समीर से छोटे दो भाई और हैं, जिनमें फरमान (11) और अन्नू (8) हैं। समीर के पिता रिठौरा बाजार में कपड़ों का व्यापार करते हैं। समीर पढ़ाई के साथ-साथ दुकान के काम में भी पिता का हाथ बंटाता था।
30 जनवरी की शाम समीर (16) अपने दोस्त अर्श के साथ बाइक से घर का सामान लेने गया था। वह दूध लेकर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। समीर के गाड़ी चलाने को लेकर गालियां देने लगे। समीर के विरोध पर हमलावरों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। चचेरे भाई नौशाद के मुताबिक, हमलावरों ने समीर को कई चाकू मारे, जिससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। दोस्त के फोन करने पर हम लोग घायल समीर को पहले ओमेगा अस्पताल फिर SRMS मेडिकल कॉलेज ले गए। कई ऑपरेशनों के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों के दिल्ली एम्स (AIIMS) रेफर करने पर हम लोग उसे वहां ले जा रहे थे। तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात के वक्त जब समीर दूध लेकर बाइक से लौट रहा था। तभी शराब के नशे में धुत 4 लोगों ने उसको गाली दी। समीर के विरोध पर चारों ने उस पर हमला कर दिया। समीर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हमलावरों के नाम जाकिर, आरिफ, अयान और करन सिंह हैं।
हाफिजगंज थाना पुलिस ने पहले जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन छात्र की मौत के बाद अब हत्या की धारा बढ़ाई है। एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि समीर नाम के छात्र के ऊपर चार लोगों ने हमला किया था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में चारों आरोपियों को अरेस्ट किया गया है।

