गले में आलू माला डाल, रोड पर फैला दिए, यमुना एक्सप्रेस-वे पर सपा का प्रदर्शन
आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे के खंदौली टोल प्लाजा पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आलू के दामों को लेकर प्रदर्शन किया। गले में आलू की माला पहनकर प्रदर्शन करने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा की लाइन नंबर नौ पर आलू फैला दिए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। पुलिस से तकरार भी हुई। पुलिस ने कहाकि किसान फॉर्च्यूनर में नहीं चलते हैं।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रवल प्रताप सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता दोपहर करीब एक बजे यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पहुंच गए। यहां कार्यकर्ताओं ने टोल की लाइन नंबर नौ से गुजर रहे वाहनों को रोक दिया और सड़क पर आलू के कट्टे फैला दिए। इस दौरान सरकार विरोधी नारे भी लगाए गए।
टोल कर्मचारियों और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार और एसडीएम एत्मादपुर सुमित सिंह भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के समझाने के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा ने कहा कि इस समय किसान आलू के गिरते दामों से बेहद परेशान हैं। बाजार में आलू मात्र 100 रुपये प्रति कट्टा बिक रहा है, जबकि एक कट्टा आलू तैयार करने में करीब एक हजार रुपये की लागत आ रही है। उन्होंने राष्ट्रपति से किसानों के हित में आलू पर 1800 रुपये प्रति कट्टा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करने की मांग की।
किसान फॉर्च्यूनर में नहीं चलते प्रदर्शन के दौरान पुलिस की सपा नेताओं से नोकझोक भी हुई। फॉच्यूर्नर में आए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह से पुलिस ने कहाकि किसान फॉर्च्यूनर में नहीं चलते हैं, बैलगाड़ी में चलते हैं। इस पर सपा नेता ने कहाकि बहुत कुछ में चलता है। पुलिस ने कहाकि आप से बड़ा किसान हूं मैं। इस पर नेता ने कहाकि इधर आओ तो बताएं कि किसान किसमें चलता है।
वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रवल प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए सरकार को अनुदान की व्यवस्था करनी चाहिए। इस दौरान डॉ. वीरेंद्र चौहान, मनोज कुशवाहा, सत्यप्रकाश, भीकम सिंह, जितेंद्र सिंह, संतोष पाल सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

