रायबरेली : भारत विकास परिषद ने ‘भारत को जानो’ क्विज प्रतियोगिता कराई
रायबरेली में भारत विकास परिषद ने जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता ‘भारत को जानो’ का आयोजन किया। यह प्रतियोगिता शहर के सारस चौराहे के निकट स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता का उद्घाटन भारत विकास परिषद, रायबरेली के अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर परिषद के पूर्व क्षेत्रीय संरक्षक डॉ. आर. बी. श्रीवास्तव, प्रांतीय उपाध्यक्ष नवल किशोर बाजपेई, सचिव अजय त्रिवेदी और संस्कार संयोजक हरिश्चन्द्र शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बच्चों को संस्कारवान बनाने के परिषद के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद राष्ट्रीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में वर्ष भर कार्य करता है, जो प्रशंसनीय है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा और विशिष्ट अतिथि एफ. जी. इंजीनियरिंग कॉलेज के पूर्व निदेशक डॉ. आर. पी. शर्मा ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।
यह प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित की गई। कनिष्ठ वर्ग में वी. ए. एस. एन. विद्यालय के बच्चों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी. एस. एस. पब्लिक स्कूल के छात्र दूसरे स्थान पर रहे, जबकि राइजिंग चाइल्ड स्कूल की छात्राओं ने तृतीय स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग में सेंट जेम्स स्कूल ने पहला स्थान प्राप्त किया। जे. पी. एस. पब्लिक स्कूल के बच्चे द्वितीय स्थान पर रहे और वैदिक कन्या कॉलेज की छात्राओं को तृतीय स्थान मिला। कार्यक्रम का संचालन संयोजक राजा राम मौर्य ने किया। निशा सिंह और पवन श्रीवास्तव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग दिया। इस अवसर पर सीमा श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि को और डॉ. चम्पा श्रीवास्तव ने विशिष्ट अतिथि को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अजय मिश्रा, विजय सिंह, पूर्व अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, गजानन खुबेले, कमलेश चंद्र श्रीवास्तव, डॉ. अमिता खुबेले, शशि अग्निहोत्री, चंद्र प्रकाश सिंह, सुरेश चंद्र शुक्ला, विनोद अग्निहोत्री, नीलिमा श्रीवास्तव, राकेश मिश्रा, शिव कुमार गुप्ता, सविता सिंह और ऊषा त्रिवेदी का सहयोग सराहनीय रहा।

