google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
News

यूपी में 2 दिन बारिश का अलर्ट, मौसम बिगड़ेगा

यूपी में ठंड विदा होने की तरफ बढ़ रही है। सिर्फ सुबह और रात में ही ठंड पड़ रही है। दिन में कड़ी धूप निकल रही है। लेकिन, प्रदेश में फिर से मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 2 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। यही नहीं, पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से भी पारा गिरने का अनुमान है।

लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

QuoteImage

पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय हो रहा है। इससे 17 और 18 फरवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।QuoteImage

रविवार की बात करें तो बांदा सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 30 डिग्री के साथ झांसी दूसरे नंबर पर रहा। मौसम विभाग का कहना है कि 18 फरवरी के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। फरवरी के अंत तक यूपी से ठंड पूरी तरह विदा हो जाएगी। अगर तेज हवा के साथ बारिश हुई तो गेहूं और सरसों की फसल गिर सकती है। इससे दाने कमजोर हो जाएंगे और पैदावार पर असर पड़ेगा। इसलिए मौसम विभाग ने किसानों को अलर्ट रहने को कहा है और खुले स्थानों पर कटी हुई फसलों को रखने से मना किया है।

नोएडा स्थित स्काईमेट वेदर के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत बताते हैं- यूपी में 2 साल के मुकाबले इस बार कम ठंड रही। दिसंबर-जनवरी में औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहे। 1 जनवरी से 11 फरवरी के बीच 36 फीसदी की कमी देखी गई। इस बार एक्सट्रीम ठंड देखने को नहीं मिली। ला-नीना एक्टिव न होने की वजह से ठंड ज्यादा नहीं पड़ सकी।

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश भी यही बताते हैं कि इस बार प्रदेश में सर्दियों के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) की सक्रियता भी कम रही। इससे ठंड के सीजन में बारिश भी सामान्य से कम हुई।

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव बताते हैं- अब ठंड अपने अंतिम चरण में है। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। अभी वसंत का मौसम चल रहा है। अगले 2-3 हफ्तों तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इस दौरान सुबह और रात में हल्की ठंड रहेगी, जबकि दोपहर में धूप थोड़ी तेज महसूस होगी।

वेदर एक्सपर्ट महेश पलावत के अनुसार, 18 फरवरी के आसपास यूपी के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। इसमें हाथरस, मथुरा, प्रयागराज, वाराणसी, बांदा, ललितपुर और झांसी जैसे इलाके शामिल हैं।

1- मार्च के पहले हफ्ते से गर्मी की शुरुआत बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव कहते हैं- मार्च के पहले हफ्ते से मौसम पूरी तरह बदलने लगेगा और गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। दिन और रात, दोनों के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। मार्च के आखिरी हफ्ते तक यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

2- मई-जून में 42 से 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा मनोज श्रीवास्तव कहते हैं- अप्रैल में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मई-जून में कई जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसका मतलब यह है कि केवल दिन ही नहीं, रात के समय भी गर्मी से राहत कम मिलेगी और उमस बनी रहेगी।

हालांकि, यह काफी हद तक अल नीनो की स्थिति पर निर्भर करेगा। अगर अल नीनो की स्थिति बनी रहती है या मजबूत होती है, तो गर्मी की हालत और ज्यादा गंभीर हो सकती है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *