12वीं की छात्रा से रेप, आधी रात घर में घुसा आरोपी, सोते वक्त मारी 2 गोली
बस्ती में रेप की FIR करवाने वाली 12वीं की छात्रा की सिरफिरे ने गोली मारकर हत्या कर दी। सोमवार आधी रात को पीछे के रास्ते से घर में घुसा और सो रही छात्रा पर फायरिंग कर दी। एक गोली उसके सिर में और दूसरी गर्दन में लगी। छात्रा की मौके पर मौत हो गई।
फायरिंग की आवाज सुनकर घरवाले जाग गए। भाई दौड़कर पहुंचा तो आरोपी तमंचा दिखाकर डराने लगा। उससे मारपीट की। भागने की कोशिश के दौरान मां रास्ते में आ गई। उन पर भी फायरिंग की, लेकिन निशाना चूक गया।
मां ने पीछा किया, लेकिन आरोपी भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। मां और भाई से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि आरोपी मंदीप गांव का ही रहने वाला है। वह बेटी के पीछे पड़ा था।
आरोपी ने कुछ महीने पहले बहलाकर बेटी से संबंध बनाए थे। अश्लील फोटो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। बेटी ने दूरी बनाई तो वह वायरल करने की धमकी देने लगा। कुछ फोटो वायरल भी कर दिए। इसका पता चलते ही उसके खिलाफ कलवारी थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत रेप की FIR करवाई गई थी। तब से आरोपी फरार था। सोमवार को गांव लौटा और बेटी की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, कलवारी थाना क्षेत्र की लड़की के पिता पंजाब में नौकरी करते हैं। गांव में मां और भाई के साथ रहती थी। भाई ग्रेजुएशन कर रहा, जबकि लड़की 12वीं बोर्ड के पेपर दे रही थी। मां ने बताया, ‘सोमवार रात को हम लोग खाना खाकर सो गए थे। मेरा बेटा और बेटी घर के भीतर सोए थे।
मैं बाहर सो रही थी। रात के करीब एक बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मैं जैसे ही उठी तो हमलावर ने मेरे पीठ पर मुक्के से मारा और मेरे ऊपर गोली चलाई, लेकिन गोली मिस हो गई। मैंने उसे दौड़ाया, लेकिन वह भाग गया। अंदर जाकर देखा तो बेटी को सिर और गर्दन में गोली लगी थी।
वह खून से लथपथ अपनी चारपाई पर पड़ी थी। पास में बेटा भी घायल पड़ा था। मैंने अपने बेटे से पूछा तो उसने बताया कि मंदीप ने बहन को गोली मार दी। मैंने बचाने की कोशिश की तो मेरे सिर पर तमंचे से हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।’ मां ने बताया कि आरोपी मंदीप दो साल से मेरी बेटी को परेशान कर रहा था। कुछ महीने बेटी से नशीला पदार्थ मिलाकर संबंध बनाए थे। तस्वीरें खींंच ली थीं। वीडियो बनाए थे। इसके बाद वह उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगा।
एक बार जबरदस्ती उसे अपने साथ मंदिर में शादी करने ले जा रहा था। कह रहा था- शादी नहीं करोगी तो जहर खा लूंगा। तुम्हे भी मार दूंगा। तब हम लोगों ने किसी तरह अपनी बेटी को उसके चंगुल से छुड़ाया था।
मां ने बताया- बेटी उससे दूर रहने लगी तो वह उसके फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। 18 दिसंबर 2025 को मंदीप ने कुछ अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इस मामले में मैंने कलवारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें बाद में दुष्कर्म की धारा भी जोड़ी थी। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी घर छोड़कर भाग गया था।
ASP श्यामाकांत ने बताया- शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों से तहरीर लेकर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

