IPL में आज दूसरा मैच RCB vs CSK: चेन्नई सीजन के अपने दोनों मैच हारी
IPL में आज लगातार दूसरे दिन डबल हेडर खेला जाएगा। दिन का दूसरा और सीजन का 11वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होगा। मैच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस 7:00 बजे होगा।
इस सीजन बेंगलुरु ने हैदराबाद को हराकर जीत से शुरुआत की थी। वहीं, चेन्नई की टीम दोनों मुकाबले हार चुकी है। पॉइंट्स टेबल में RCB तीसरे स्थान पर है, जबकि CSK 10वें नंबर पर है।
दिन का पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच हैदराबाद में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। बेंगलुरु और चेन्नई के बीच अब तक कुल 36 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें चेन्नई ने 22 मैच जीते हैं, जबकि बेंगलुरु को 13 मुकाबलों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच एक मैच बेनतीजा भी रहा है। ऐसे में CSK ने RCB के खिलाफ 61% मैच जीते हैं।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों का 12 बार सामना हुआ है। इसमें बेंगलुरु ने 6 और चेन्नई को 5 मैचों में जीत मिली। एक मैच का रिजल्ट नहीं निकल सका। दोनों ही टीमों के बीच पिछले सीजन दो मुकाबले हुए थे। दोनों ही बेंगलुरु ने अपने नाम किए थे।

