Dailynews

सांसद प्रिया-क्रिकेटर रिंकू की रिंग सेरेमनी 8 जून को लखनऊ के होटल में होगी

जौनपुर की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। 8 जून को लखनऊ के सेवन स्टार होटल में रिंग सेरेमनी में होगी। शादी करीब 6 महीने बाद 18 नवंबर को वाराणसी के होटल ताज में होगी। यह जानकारी प्रिया के विधायक पिता तूफानी सरोज ने दी।

उन्होंने बताया- रिंग सेरेमनी में रिंकू और मेरे परिवार के करीबी लोग मौजूद रहेंगे। जबकि शादी में राजनेता, फिल्म स्टार और उद्योगपतियों को निमंत्रण भेजा जाएगा। शादी पारंपरिक तरीके से होगी।

जनवरी, 2025 में क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज के रोके की खबर सामने आई थी, जिसकी पुष्टि सांसद प्रिया के पिता तूफानी सरोज ने की थी। उन्होंने कहा था- बेटी की शादी रिंकू सिंह से तय हुई है और जल्द ही रिंग सेरेमनी की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, सगाई में भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर, विराट कोहली, राहुल द्रविड़, अभिषेक नायर समेत कई क्रिकेटर शामिल हो सकते हैं। सभी को न्योता भेज दिया गया है। रिंकू सिंह के परिवार वाले सगाई की तैयारियों में जुटे हैं। दुल्हन के शगुन के लिए जेवर और साड़ियां खरीदी गई हैं। सगाई में रिंकू सिंह स्टाइलिश कोट-पैंट पहनेंगे, जिसे अलीगढ़ के सेंटर पॉइंट स्थित एक नामचीन दर्जी ने सिला है। सगाई से पहले शनिवार को रिंकू सिंह कैंची धाम में आशीर्वाद लेने भी गए हैं।

रिंकू और प्रिया की लवस्टोरी दिलचस्प है। बात करीब 2 साल पहले की। IPL 2023 में रिंकू ने लगातार 5 छक्के लगाकर कोलकाता नाइट राइटर्स को आखिरी ओवर में जीत दिलाई। इसके बाद रिंकू की KKR के सीनियर क्रिकेटर से नजदीकियां बढ़ गईं।

इसी बीच, सीनियर क्रिकेटर की दिल्ली में शादी हुई। इसमें क्रिकेटर ने रिंकू और अपनी पत्नी की दोस्त प्रिया को बुलाया। रिंकू-प्रिया पहली बार इसी पार्टी में मिले। क्रिकेटर की पत्नी ने दोनों का परिचय कराया, फिर दोनों में बातचीत शुरू हो गई।

रिंकू के परिवार से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया था- KKR के क्रिकेटर की पत्नी और प्रिया दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ी हैं। प्रिया सरोज ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए एलएलबी किया है। पढ़ाई के दौरान दोनों की दोस्ती हुई थी।

रिंकू के अलीगढ़ स्थित बंगले को प्रिया ने फाइनल ही किया। अप्रैल, 2024 में प्रिया रिंकू घर के पहुंची थीं। उन्होंने बंगले का इंटीरियर भी चेंज करवाया था। रिंकू सिंह ने साढ़े तीन करोड़ का यह बंगला खरीदा था। उनके बंगले में 6 बेडरूम है। घर में एक बड़ा मंदिर, स्विमिंग पूल है। यहां उनका वह बैट भी रखा गया है। जिससे उन्होंने 6 छक्के लगाए थे। बता दें रिंकू सिंह का जर्सी नंबर 35 है और उनके घर का नंबर 38 है।

प्रिया सरोज वाराणसी जनपद के पिंडरा तहसील के करखियांव की रहने वाली हैं। उनका जन्म 23 नवंबर 1998 को हुआ था। 18 वर्ष की उम्र पार करते ही सपा की न केवल सक्रिय सदस्यता ले ली थी, बल्कि पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभाती हैं।

महज 25 साल की आयु में वह भाजपा के बीपी सरोज को हराकर लोकसभा तक पहुंचने में सफल रहीं। प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज भी मछलीशहर लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रहे हैं। वो साल 1999, 2004 और 2009 में लोकसभा चुनाव जीते थे।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *