Hindi News LIVE

UP के उन्नाव में सड़क हादसा, 18 की मौत, सड़क पर बिखरी लाशें देखकर पुलिसकर्मी बेहोश

Share News

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बुधवार सुबह 5.15 बजे डबल डेकर बस और टैंकर की टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार 18 यात्रियों की मौत हो गई। 19 घायल हैं। मृतकों में 14 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चे हैं। बस बिहार के सीवान से दिल्ली जा रही थी।

हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बांगरमऊ कोतवाली के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की ड्राइवर साइड की बॉडी पूरी तरह अलग हो गई। यात्री बाहर गिर गए। उनकी वहीं मौत हो गई। हादसे के वीडियो सामने आए हैं। इनमें दिख रहा है कि सड़क पर लाशें बिखरी पड़ी हैं। लाशों को देखकर एक पुलिसकर्मी बेहोश हो गया।

पुलिस ने बताया कि दूध के टैंकर को ओवरटेक करने के दौरान बस बेकाबू होकर टैंकर को टक्कर मारते हुई पलट गई। डीएम गौरांग राठी ने बताया बस में 57 यात्री सवार थे। करीब 20 यात्री सुरक्षित हैं। 19 घायलों का उन्नाव जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। 5 गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। 3 की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि बस का कागजों में दर्ज महोबा का पता फर्जी है। दिल्ली का रहने वाला चंदन जायसवाल पहाड़गंज से बसों को संचालित कर रहा था। जांच में बस का परमिट और बीमा भी नहीं मिला। बांगरमऊ सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि बिहार के शिवहर जिले से ‘नमस्ते बिहार’ नामक बस चलती है। 22 सुरक्षित लोगों को अन्य बस से रवाना किया जा रहा है। DM ने मामले पर संज्ञान लेते हुए RTO को मामले में FIR के निर्देश दिए हैं।

उन्नाव CMO सत्यप्रकाश ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के लिए लखनऊ बलरामपुर से 5 डॉक्टरों की टीम आई है। एक घायल को कानपुर रेफर किया गया। जबकि 5 घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है।

बस हादसे में घायल यात्री शिवम ने बताया- हादसे के वक्त बस में सभी सो रहे थे। बस की स्पीड काफी तेज थी। हम लोगों ने कई बार ड्राइवर से कहा भी था कि बस धीरे चलाइए, लेकिन वह नहीं माना। फिर अचानक बहुत तेज आवाज आई। मैं हड़बड़ा गया। देखा तो बस के शीशे टूट गए थे। लोग बाहर सड़क पर पड़े थे। हम लोग पीछे बैठे थे, इसलिए बच गए। बस सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भयानक की था कि सड़क पर लाशें ही लाशें दिख रही थीं।

बस में सवार यात्री मोहम्मद उर्स ने बताया- मैं बिहार के शिवहर का रहने वाला हूं। हादसे के वक्त सो रहा था, तभी जोरदार आवाज हुई। ऐसा लगा भूकंप आ गया। मैं बस की दूसरी साइड बैठा था। बाल-बाल बच गया। मेरे हाथ में चोट आई है। एक अन्य घायल प्रदीप ने बताया कि हम सो रहे थे। कुछ समझ नहीं पाए। जब आंख खुली तो सब सड़क पर पड़े थे। टक्कर बहुत भीषण थी। हम लोग दूसरी तरफ बैठे थे, इसलिए बच गए।

बस हादसे में दिलशाद, साहिल दोनों सगे भाई भी घायल हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे बस बिहार के शिवहर से माता-पिता भाई-बहन समेत परिवार के 8 लोगों के साथ बस से रवाना हुए थे। बस चालक ने रास्ते में दो जगह पर बस को रोका। वह लगातार बस दौड़ाता जा रहा था। हमारे परिवार के 6 लोगों की मौत हुई है। सभी फेनहारा पूर्वी इलाके के रहने वाले थे।

ये लोग सबीर मास्टर के परिवार के थे। मेरठ में मजदूरी करते थे। सभी ने कल (9 जुलाई) दोपहर करीब 1 बजे शिवहर से बस पकड़ी थी। बताया जा रहा है कि मरने वाले सभी लोग पहले ट्रेन से आने वाले थे, लेकिन टिकट नहीं मिला। इन लोगों ने बस पकड़ी और उन्नाव में आगरा-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर हादसे के शिकार हो गए।

मृतकों की पहचान इलियास (35), उसकी पत्नी कमरूनेशा (30), अशफाक (45), उसकी पत्नी मुनचुन खातून (38), इनके दो बच्चे गुलनाज (13) और सोहेल (3) के तौर पर हुई है।

हादसे के प्रत्यक्षदर्शी नरेश कुमार ने बताया- मैं खेतों की ओर जा रहा था, तभी तेज आवाज सुनाई दी। देखा तो बस और टैंकर की टक्कर हो गई। लोग बचाओ-बचाओ चिल्ला रहे थे। हादसे को देखते ही मेरी रूह कांप गई। 10 लोग तो बीच सड़क पर मरे पड़े थे। थोड़ी देर में वहां 50-60 लोग पहुंच गए। कुछ समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या किया जाए। लाशें सड़क पर बिखरी थी, कुछ लोग तड़प रहे थे। पुलिस आई तो उनको अस्पताल भेजा गया।

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। उन्होंने कहा-जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हर संभव मदद में जुटा है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख का मुआवजा और घायलों को 50 हजार की मदद का ऐलान किया है। राष्ट्रपति द्रौपद्री मुर्मू ने भी हादसे पर दुख जताया है।

CM योगी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने अफसरों को सभी घायलों को इलाज कराने के निर्देश दिए। डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा- हम बिहार सरकार के साथ संपर्क में हैं। जांच के बाद घटना के कारणों का पता चलेगा। अभी घायलों को बेहतर इलाज देना हमारी प्राथमिकता है। लाशें इतनी ज्यादा थी कि पुलिसकर्मी भी बेहोश हो गया।

उन्नाव DM गौरांग राठी ने बताया- हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए गए हैं। घायल बांगरमऊ CHC में एडमिट हैं। गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया जा रहा। हमारे पास इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था है। हम जल्द से जल्द सभी आवश्यक कार्रवाई करेंगे। SP सिद्धार्थ शंकर मीणा ने बताया- बस की जांच की जा रही है। हादसे की वजह ओवरस्पीड बताई जा रही है। एक्सीडेंट के बाद एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया था। क्रेन से दोनों वाहनों को हटाया गया।

  1. 0515-2970767
  2. 9651432703
  3. 9454417447
  4. 8887713617
  5. 8081211289

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *