सागर : मनाई गई भक्त शिरोमणि माँ कर्मा जयंती
सागर | राधेलाल साहू, भक्त शिरोमणि माँ कर्मा देवी जयंती के अवसर पर जिला सागर में विभिन्न स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में सागर नगर के मोतीनगर स्थित सरस्वती मैरिज गार्डन में पहली बार आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन साहू समाज ट्रस्ट कमेटी, ट्रस्ट क्रमांक 5 बड़ा बाजार सागर के तत्वावधान में किया गया।
इस आयोजन में समाज की पहल पर 7 जोड़ों का निशुल्क विवाह संपन्न कराया गया। प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को लगभग 51 हजार रुपये मूल्य की गृहस्थी की सामग्री एवं उपयोगी उपहार भेंट किए गए।
ट्रस्ट संरक्षक समाजसेवी महेश साहू (दाल मिल), अध्यक्ष संतोष साहू बालाजी, सचिव शैलेंद्र साहू और प्रबंधक अशोक चकिया ने बताया कि सुबह 10 बजे बांके बिहारी मंदिर, बड़ा बाजार से 7 बग्घियों में दूल्हों को सवार कर बारात निकाली गई। डीजे और बैंड-बाजों के साथ यह बारात सरस्वती मैरिज गार्डन पहुंची, जहां वैदिक रीति-रिवाज से 7 दुल्हनों के साथ 7 फेरों में विवाह संपन्न कराया गया।
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के वरिष्ठजन और गणमान्य नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस आयोजन ने समाज में एकता, सहयोग और संस्कारों का संदेश देते हुए एक आदर्श प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान विधायक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि समाज द्वारा 7 जोड़ों का कन्यादान करना सबसे बड़ा दान है। जिस घर में बेटी का जन्म होता है, वह घर स्वर्ग बन जाता है और बेटियों के आगमन से परिवार में सुख-समृद्धि आती है। उन्होंने बच्चों को अच्छे संस्कार देने और 14 वर्ष की आयु तक मोबाइल से दूर रखने की बात भी कही।
उन्होंने घरों में मिट्टी के शिवलिंग निर्माण की परंपरा को बढ़ावा देने की सलाह देते हुए बताया कि मकरोनिया में इस पहल से रुद्राक्ष धाम की स्थापना हुई और क्षेत्र में शांति व सकारात्मक वातावरण बना है। साथ ही उन्होंने अगले वर्ष पूरे जिले स्तर पर साहू समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित कराने तथा धर्मशाला निर्माण का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन बाबूलाल साहू मासाब एवं श्रीमती संध्या साहू ने किया। वहीं संदीप साहू, अनीता साहू और आरती साहू ने मंच सहयोग दिया। कार्यक्रम में मुकेश साहू चंदामऊ, धर्मवीर साहू, प्रकाश साहू, राजू बाबा, जगदीश साहू, पंकज साहू सहित ट्रस्ट के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक एवं आकर्षक नृत्य ने सभी का दिल जीत लिया और आयोजन को सभी ने सराहा।

