प्रयागराज में SDO 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
प्रयागराज में बिजली विभाग का एसडीओ 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए अरेस्ट किया गया। उसने मीटर सही कराने और बिल ठीक कराने के बदले ये पैसे मांगे थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन में की थी। आरोपी संजीव श्रीवास्तव को उसके खुसरो बाग कार्यालय से पकड़ा गया है।
एंटी करप्शन टीम ने पीड़ित को पूरा प्लान समझाया था। जिसके मुताबिक, वह बुधवार को करीब 12 बजे रुपए लेकर SDO के ऑफिस पहुंचा। उसके हाथ से अधिकारी ने जैसे रुपए लिए। टीम ने SDO को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी को खुल्दाबाद थाने ले जाया गया है।
खुल्दाबाद के रहने वाले जितेंद्र कुमार ने 9 फरवरी को बिजली कनेक्शन ठीक कराने की शिकायत की थी। इसके बाद SDO संजीव श्रीवास्तव ने मीटर सही कराने और मुकदमे के जुर्माने से बचाने के लिए 10 हजार रुपए की मांग की। जितेंद्र ने कहा कि ठीक है। मैं देखता हूं।
इसके बाद जितेंद्र ने एंटी करप्शन टीम प्रयागराज मंडल से शिकायत की। अंजलि यादव के नेतृत्व में 13 सदस्य एंटी करप्शन टीम ने प्लानिंग की। 11 फरवरी को टीम खुसरो बाग पहुंची। यहां जैसे ही जितेंद्र ने SDO को रुपए दिए वैसे एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया।
इंस्पेक्टर खुल्दाबाद शैलेंद्र सिंह ने बताया- एंटी करप्शन टीम एसडीओ संजीव कुमार श्रीवास्तव को पकड़ कर थाने लाई। यहां उनका बयान दर्ज कराने के बाद पेपर पर साइन कराए गए। शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
मामला रिश्वत लेने का है। इसमें एसडीओ को जेल भेजा जाएगा। डेढ़ साल पहले आरोपी वाराणसी में पोस्टिंग के दौरान भी सस्पेंड हुए थे। SDO संजीव श्रीवास्तव गाजीपुर जिले के पीरनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

