सिकंदराबाद : भ्रष्टाचार के खिलाफ करप्शन फ्री इंडिया का प्रदर्शन
सिकंदराबाद में शनिवार को करप्शन फ्री इंडिया संगठन के कार्यकर्ताओं ने तहसील में बढ़ते भ्रष्टाचार और अधिकारियों के लापरवाह रवैये के खिलाफ प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष मलखान सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी के नाम नायब तहसीलदार देवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर तत्काल भ्रष्टाचार समाप्त करने की मांग की।
संगठन के आल इंडिया प्रदेश कोर कमेटी सदस्य चौधरी प्रेमराज भाटी ने बताया कि तहसील में किसानों का शोषण और उन पर अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान जब अपने काम कराने आते हैं, तो उन्हें कई दिनों तक गुमराह किया जाता है, जिससे वे पैसे देने को मजबूर होते हैं। तहसील में तैनात लेखपाल और अन्य कर्मचारी दाखिल-खारिज, खसरा-खतौनी और वारिसान के नाम पर भ्रष्टाचार करते हैं। नगर अध्यक्ष मलखान सिंह यादव ने बताया कि संगठन ने तहसील में प्रार्थना पत्र प्राप्त करने और उनकी रिसीविंग देने के लिए एक अलग खिड़की खोलने की भी मांग की है।
करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने स्पष्ट किया कि वह इस रवैये और व्यवस्था का पुरजोर विरोध करता है और किसी भी सूरत में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भ्रष्ट अधिकारियों पर लगाम लगाकर भ्रष्टाचार नहीं रोका गया और कार्रवाई नहीं की गई, तो करप्शन फ्री इंडिया के बैनर तले अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस दौरान चौधरी प्रेमराज भाटी, नीरज भड़ाना, मलखान सिंह यादव, मोहित अधाना, भीम सिंह अधाना, राकेश भाटी, ईश्वर सैनी, एडवोकेट गौरव अधाना, मलखान सिंह, झम्मन सिंह, उधम सिंह, जगबीर, जितेंद्र यादव, गजेंद्र, सुभाष, राजकुमार, शादी राम, हुकम सिंह, मोकम सिंह, सोनू, जसवंत और इंद्रजीत यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

