₹1 लाख में जली शर्ट!
दिल्ली. फैशन की दुनिया में कब क्या अजीबोगरीब देखने को मिल जाए, कहा नहीं जा सकता. हाल ही में स्विस फ्रेंच लग्जरी ब्रांड ‘वेटमेन्ट्स’ (Vetements) ने एक ऐसी सफेद शर्ट पेश की है, जिसे देखकर लोग अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं. इस साधारण सी दिखने वाली सफेद शर्ट की जेब पर ‘प्रेस से जलने’ (Iron Burn) जैसा एक बड़ा सा निशान बना हुआ है. खास बात यह है कि इस शर्ट की कीमत करीब 1,139 डॉलर यानी करीब 1 लाख रुपये रखी गई है. जैसे ही इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोगों ने इसे फैशन से ज्यादा मजाक बताना शुरू कर दिया और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे.
यह शर्ट ‘वाइट आयरनिंग बर्न ग्राफिक शर्ट’ नाम से बेची जा रही है. इसमें ओवरसाइज फिट और छाती की जेब के पास जले जैसा ग्राफिक प्रिंट दिया गया है. आमतौर पर अगर कपड़े प्रेस करते समय जल जाएं तो हम उन्हें फेंक देते हैं, लेकिन यह ब्रांड इसे ‘हाई-फैशन’ बताकर लाखों में बेच रहा है.
जैसे ही इस शर्ट की फोटो वायरल हुई, लोगों ने इस पर मजेदार और तीखी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया. मजाकिया अंदाज में एक यूजर ने लिखा, “मेरी मम्मी तो सालों से मुफ्त में ऐसी डिजाइन बना रही हैं.” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “अब मैं कह सकती हूं कि मैंने पति की शर्ट जलाई नहीं है, बल्कि इस ब्रांड से खरीदी है.” वहीं कुछ लोग इसे फैशन के नाम पर मजाक बता रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “लोग दिखावे के चक्कर में कुछ भी खरीदने को तैयार हैं. यह क्रिएटिविटी नहीं, बल्कि बेवकूफी है.” एक यूजर ने तंज कसते हुए कहा, “इसका मतलब है कि मेरे लॉन्ड्री के ढेर में रखा पुराना जला हुआ कपड़ा दरअसल एक ‘लग्जरी कलेक्शन’ है.”
यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े ब्रांड ने ‘फटे हुए’ या ‘गंदे दिखने वाले’ कपड़ों को लाखों में बेचा हो. कई बार ऐसे ‘डिस्ट्रैस्ड’ (फटे-पुराने) लुक को एक्सक्लूसिविटी का नाम दिया जाता है. हालांकि, इस बार ‘जली हुई’ शर्ट ने फैशन और फिजूलखर्ची की बहस को फिर से छेड़ दिया है.

