बुलंदशहर : एसएसपी ने की कार्रवाई, गौकशी मामले में SHO और SI लाइन हाजिर
बुलंदशहर में गौकशी की घटना के बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने छतारी थाना प्रभारी और पंड्रावल चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई शनिवार देर रात की गई।
यह कार्रवाई अलीगढ़-अनूपशहर नेशनल हाईवे 504 पर नारायणपुर नहर के पास हुई गौकशी की घटना के चलते की गई।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने छतारी थाना प्रभारी कवीश कुमार और पंड्रावल चौकी इंचार्ज अमृत लाल को लाइन हाजिर किया। खुर्जा कोतवाली नगर में तैनात सुदेश कुमार को छतारी थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
शनिवार को नारायणपुर नहर के पास गौकशी की घटना सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और हंगामा किया। सीओ डिबाई मधूप कुमार ने जल्द खुलासे का आश्वासन देकर कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
इस घटना में यह सामने आया कि गौकशी स्थल पर पुलिस की 24 घंटे की पिकेट तैनात रहती थी। 24 घंटे की पुलिस तैनाती के बावजूद गौकशी की घटना होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए। इसी के चलते एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया।

