चांदी 2 दिन में ₹32 हजार सस्ती हुई, ₹2.58 लाख किलो पर आई
सोने और चांदी के दामों में आज यानी 5 मार्च को लगातार दूसरे दिन गिरावट है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 3 हजार रुपए घटकर ₹1.60 लाख पर आ गया है। इससे पहले इसकी कीमत 1.63 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम थी। सोना 2 दिन में 7 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
वहीं, एक किलो चांदी 13 हजार रुपए गिरकर ₹2.58 लाख पर आ गई है। इससे पहले इसकी कीमत ₹2.71 लाख रुपए प्रति किलो थी। ये दो दिन में 32 हजार रुपए सस्ती हो चुकी है। सोना चांदी के दाम में ये गिरावट प्रॉफिट बुकिंग की वजह से आई है। इस साल सोने-चांदी की कीमत में तेजी देखने को मिली है। बीते साल के आखिर में सोना 1.33 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जो अब 1.60 लाख रुपए पर है। यानी इसकी कीमत इस साल अब तक 26 हजार बढ़ चुकी है। वहीं चांदी भी इस दौरान 27 हजार रुपए महंगी हुई है।

