यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस पलटी, 20 घायल
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार एसी स्लीपर बस पलट गई। हादसे में 20 यात्री घायल हुए। इनमें 3 गंभीर है। उन्हें आगरा रेफर किया गया है। बस दिल्ली से रायबरेली जा रही थी। 35 यात्री सवार थे। हादसा रात में 1.15 बजे बलदेव थाना इलाके में हुआ।
हादसे के वक्त बस की स्पीड इतनी तेज थी कि पलटने के बाद भी कई मीटर तक घिसटती चली गई। करीब 25 मिनट बाद पुलिस पहुंची तो ज्यादातर यात्री अंदर फंसे थे। चीख-पुकार मची थी। कई यात्रियों के सिर, हाथ-पैर से खून निकल रहा था। पुलिस ने शीशा तोड़कर जैसे-तैसे यात्रियों को बाहर निकाला। नजदीकी अस्पताल भेजा।
अमेठी की रहने वाली कुसुम यादव ने बताया- मेरे पति बागपत में मजदूरी करते हैं। ट्रेन की टिकट नहीं मिली तो पति मुझे रात में करीब 1 बजे दिल्ली के आनंद बिहार ले गए। वहां पर रास्ते में रायबरेली जाने वाली एक प्राइवेट बस में बिठा दिया। बस नंबर- UP 22 AT 2877 थोड़ी ही देर बाद दिल्ली से रवाना हो गई।
शादी के सीजन के चलते बस यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी। उसमें करीब 35 सवार थे। अधिकांश सो रहे थे। बस की स्पीड काफी तेज थी। 1.15 बजे जैसे ही बलदेव इलाके में पहुंची। अनियंत्रित होकर पलट गई। अंधेरा होने के कारण पता ही नहीं चल पाया कि क्या हुआ है।
थाना प्रभारी रंजना सचान के मुताबिक राहगीरों ने फोन करके पुलिस को हादसे की सूचना दी थी। सूचना मिलने के 13 मिनट के भीतर 1 बजकर 28 मिनट पर पुलिस पहुंच गई। शीशा तोड़कर 20 घायलों को निकाला गया। उसके बाद एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से सलीम चौधरी, प्रियंका (18) और रविन्द्र (28) तीन यात्रियों की हालत गंभीर है। उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। जबकि 17 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें मथुरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

