सुल्तानपुर : पत्नी को थप्पड़ मारा तो प्रेमी ने रेत दिया गला
सुलतानपुर में पत्नी को थप्पड़ मारने से नाराज उसके प्रेमी ने पति की गला रेतकर हत्या कर दी। दरअसल, वह अपनी पत्नी और बच्चों को महाशिवरात्रि का मेला घुमाने ले गया था।
मेले में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान पति ने पत्नी को थप्पड़ मार दिया। पत्नी का प्रेमी कुछ दूरी पर खड़ा होकर यह सब देख रहा था। प्रेमिका की सरेआम पिटाई से आहत प्रेमी ने बदला लेने की ठान ली।
सोमवार तड़के करीब 5 बजे वह युवक के घर पहुंचा और उसका गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात लंभुआ के मदनपुर पनियर गांव की है। घटना के बाद पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई। वहां पहुंचकर उसने अपनी ननद और देवर को फोन कर हत्या की जानकारी दी।
इसके बाद मुंबई में मौजूद देवर ने पुलिस को फोन कर भाई की हत्या की सूचना दी। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी प्रेमी फरार है।
13 साल पहले हुई थी शादी, मुंबई में ट्रक चलाता था
लंभुआ के मदनपुर पनियर (सरैया) के रहने वाले अमित सिंह ने शिल्पी के साथ 13 साल पहले लव मैरिज की थी। वो 6 महीने पहले पत्नी शिल्पी, तीन बच्चे शिवा (12), महक (9) और यश (9) के साथ मुंबई में ही रहता था। उसके साथ उसका छोटा भाई अजीत सिंह और मां भी रहते थे।
अमित मुंबई में ट्रक चलाता था। 6 महीने पहले उसकी सुल्तानपुर के ही रहने वाले दीपक से दोस्ती हो गई थी। दीपक भी मुंबई में ट्रक चलाता था। जान-पहचान बढ़ने के बाद दीपक का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया।
पत्नी से बढ़ी नजदीकियां तो मुंबई से गांव भेजा
मुंबई में अमित के घर दीपक का आना जाना शुरू हुआ तो उसकी पत्नी शिल्पी से नजदीकियां भी बढ़ने लगी। दीपक का अमित की पत्नी से अफेयर हो गया। अमित को इसकी जानकारी हुई तो वह आगबबूला हो गया। आए दिन झगड़ा होने लगा। उसने दीपक का आना जाना भी बंद कर दिया।
करीब छह महीने पहले नवम्बर 2025 में उसने पत्नी शिल्पी को बच्चों के साथ सुल्तानपुर में अपने गांव भेज दिया। उधर, शिल्पी के गांव आते ही दीपक ने भी नौकरी छोड़ दी और सुल्तानपुर वापस आ गया।
पड़ोसियों के अनुसार, अमित मुंबई में ही रहता था। दीपक उसकी पत्नी से मिलने आने लगा।
अब जानिए शिवरात्रि मेले में क्या हुआ?
महाशिवरात्रि को लेकर 13 फरवरी को अमित घर आया था। रविवार को महाशिवरात्रि के दिन पूरा परिवार घर से 5 किमी दूर जनवारी नाथ धाम में दर्शन के लिए गए थे। पत्नी शिल्पी सिंह, पति अमित, 3 बच्चे और साली आरती मौजूद थे।
पहले सभी ने मंदिर में दर्शन किया, फिर मेला घूमने लगे। मेले में पत्नी का प्रेमी दीपक भी आया था। अमित की साली आरती ने बताया- मेले में किसी बात को लेकर दीदी और जीजा में के बीच विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में अमित ने शिल्पी को एक थप्पड़ मार दिया। दूरर खड़ा प्रेमी दीपक यह सब देख रहा था। साली ने बताया- रविवार शाम को सब घर लौट आए। वह अपने घर चली गई।
सुबह प्रेमी घर पहुंचा और गला रेत दिया
बताया जाता है कि रात को सभी ने साथ में खाना खाया और सो गए। सुबह करीब 5 बजे अचानक दीपक शिल्पी के घर पहुंचा। शिल्पी जबतक कुछ समझ पाती, तबतक दीपक ने अलग कमरे में सो रहे अमित का चाकू से गला रेत दिया। वारदात के बाद वो मौके से फरार हो गया। इसके बाद शिल्पी डर गई। वो बच्चों को लेकर चुपचाप मायके चली गई।
मायके जाकर देवर को दी हत्या की सूचना
मायके में उसने बहन आरती को बताया- प्रेमी दीपक ने आज सुबह 5 बजे पति अमित की चाकू से हत्या कर दी है। वो थप्पड़ वाली बात से आहत हो नाराज था। इसके बाद शिल्पी ने ये बात मुंबई में रह रहे अपने देवर अजित को कॉल करके बताई।
देवर ने पुलिस को दी सूचना
देवर अजीत ने कॉल कर गांव के लोगों और सुलतानपुर पुलिस को हत्या की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे में अमित का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद छापा मारकर शिल्पी को उसके मायके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आरोपी दीपक हत्याकांड के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में टीमों को लगाया गया है।

