यूपी में पारा 2.6°C, 8वीं तक के स्कूल बंद
यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है। पारा 3°C से नीचे पहुंच गया है। मंगलवार सुबह कानपुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच समेत 40 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई। राजधानी लखनऊ भी देर रात से ही घने कोहरे की चपेट में है।
कई जिलों में सड़कों पर सन्नाटा रहा। कुछ जगह पर ओस की बूंदें रिमझिम बारिश की तरह महसूस हुईं। सुबह लोग घरों के बाहर अलाव जलाकर बैठे नजर आए। काम से बाहर निकले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
कड़ाके की ठंड से जुड़े 5 बड़े अपडेट्स
- मनाली से भी ज्यादा सर्दी: 24 घंटे की बात करें तो इटावा सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.6°C दर्ज किया गया। यह मनाली (3°C) से भी कम था। इसके अलावा, गोरखपुर में पारा 4.5°C, कानपुर नगर में 4.6°C, आजमगढ़ में 5.2°C पहुंच गया।
- 8वीं तक स्कूल बंद: प्रदेशभर के 8वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद हैं। बाकी बदले हुए समय (सुबह 10 बजे) पर खुल रहे हैं। इसके अलावा बरेली-अंबेडकरनगर, चंदौली में 12वीं तक के स्कूल 10 जनवरी, बदायूं-महाराजगंज में 7 और आगरा-मथुरा में 8 जनवरी तक बंद हैं।
- विमान चक्कर लगाकर लौटा: कोहरे के चलते 50 से ज्यादा उड़ानें लेट रहीं। दिल्ली से लखनऊ आने वाली उड़ान IX-2171 को लैंडिंग की इजाजत नहीं मिली। विमान आसमान में कई चक्कर लगाने के बाद लौट गया। इसके अलावा, यहां 15 से ज्यादा उड़ानें लेट रहीं। ऐसे ही वाराणसी में 20, गोरखपुर में 9, प्रयागराज में 3 और कानपुर में 4 फ्लाइट्स लेट रहीं।
- 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट: लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रहीं। कोहरे की वजह से सुबह की ट्रेन रात में पहुंच रही हैं। लंबी दूरी ट्रेनें तो 20-20 घंटे की देरी से चल रही हैं। स्टेशनों पर यात्री ठिठुरने को मजबूर हैं।
- हार्ट के मरीज 40 से 50% बढ़े: कानपुर कार्डियोलॉजी हॉस्पिटल के डॉ. अवधेश शर्मा ने बताया- ठंड में हार्ट के मरीज 40 से 50% बढ़ गए हैं। सबसे ज्यादा मरीज 50 साल के ऊपर वाले हैं। पहले 700 के आसपास OPD होती थी। आजकल यह बढ़कर 1100 से 1200 हो गई है। ठंड में जरूरी हो तभी घरों से बाहर निकलना चाहिए।
- अगले 3 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान
- 7 जनवरी: पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अधिकतर जिलों में घना कोहरा रहेगा। विजिबिलिटी शून्य से 100 मीटर तक रह सकती है। 10–15 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। धूप निकलने के आसार नहीं हैं।
- 8 जनवरी: पूर्वी यूपी में घना कोहरा बना रहेगा। विजिबिलिटी शून्य से 100 मीटर तक रह सकती है। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर ही घना कोहरा रहेगा। धूप निकल सकती है, लेकिन सर्द हवाओं से गलन बनी रहेगी।
- 9 जनवरी: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में फिर घने कोहरे के आसार हैं। विजिबिलिटी 20 से 100 मीटर तक रह सकती है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। इससे तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
- आलू और सरसों की फसलों पर खतरा ठंड और कोहरे के असर से आलू और सरसों की फसलों पर खतरा मंडराने लगा है। किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह तापमान गिरता रहा तो पैदावार कम हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने और फसलों की निगरानी बढ़ाने की सलाह दी है। कहा- बदलते तापमान और कोहरे से फसलों में कीट और रोग बढ़ सकते हैं, इसलिए जिंक और क्लोरपाइरीफास जैसी दवाओं का छिड़काव करें।

