Latest

 दूल्हा शराब पीकर पहुंचा…लड़की का शादी से इनकार

प्रतापगढ़ में दूल्हा शराब पीकर शादी करने पहुंच गया। द्वार पूजा पर लड़खड़ाने लगा। यह ​​​देखकर दुल्हन भड़क गई। उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

नाराज ग्रामीणों ने पूरी बारात को बंधक बना लिया। मंगलवार सुबह कई घंटे तक पंचायत चली, लेकिन बात नहीं बनी। दूल्हे ने लड़की के घरवालों को 95 हजार रुपए दिए। इसके बाद दुल्हन के घरवालों ने बारात को छोड़ा।

दूल्हे ने कहा- थोड़ी सी ड्रिंक कर ली थी, इसलिए मैटर हो गया। शादी टूट गई। और कोई बात नहीं है। घटना कंधई थाना क्षेत्र के बक्शीडीह गांव की है।

बक्शीडीह गांव के रहने वाले संजय ने बेटी की शादी करनपुर खुजी गांव निवासी अनीश के साथ तय की थी। तय तिथि के अनुसार, सोमवार शाम बारात बाजे-गाजे के साथ संजय के दरवाजे पर पहुंची।

दूल्हे ने शराब पी रखी थी। द्वारचार के दौरान हंगामा करने लगा। पहले तो बाराती और घराती ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को राजी नहीं हुआ। यह बात दुल्हन को पता चल गई।

दुल्हन ने आकर देखा तो दूल्हा लड़खड़ाकर चल रहा था। उसे देखते ही लड़की ने शादी से इनकार कर दिया। शादी करवाने को लेकर रात में काफी देर तक हंगामा हुआ। हंगामा शांत होने पर ग्रामीणों-रिश्तेदारों ने बारातियों को भोजन करवाया। इसके बाद दूल्हे अनीश, उसके पिता जीतलाल और बारातियों को बंधक बना लिया। बारातियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की मौजूदगी में पंचायत शुरू हुई। लड़की पक्ष ने कहा- शादी में खर्च हुए रुपए मिलने के बाद ही दूल्हे और उसके पिता को रिहा करेंगे।

मंगलवार दोपहर तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच पंचायत चली। दोपहर तीन बजे के करीब पंचायत में दूल्हे के परिवार ने लड़की के परिवार को 95 हजार रुपए दिए। इसके बाद दूल्हे और उसके पिता को ग्रामीणों ने छोड़ा।

दूल्हे के पिता जीत लाल ने बताया, ‘हम बारात लेकर सोमवार को आए थे। हमारी गाड़ी पीछे थी। दूल्हे की गाड़ी आगे थी। हमें नहीं पता कि बेटे ने कब शराब पी ली। बस इसी के चलते पूरा मामला गड़बड़ा गया। 95 हजार रुपए लड़की पक्ष को देकर मामला खत्म कर लिया गया।

पट्टी सीओ आनंद कुमार ने बताया- दूल्हे के शराब पीने पर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया था। इसके बाद परिजनों ने दूल्हा और उसके पिता को बंधक बना लिया। आज दोपहर दोनों पक्षों में पंचायत हुई। दूल्हे के परिवार वालों ने दुल्हन पक्ष को 95 हजार रुपए दिए। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *