Crime News

अलीगढ़ : मंत्री के घर 50 लाख की चोरी, पत्नी का इलाज कराने दिल्ली गया था परिवार

अलीगढ़ योगी सरकार में राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह के घर में करीब 50 लाख की चोरी हुई है। चोर आधा किलो सोना और 3 किलो चांदी उड़ा ले गए। चोरी की यह वारदात फरवरी में हुई, जब मंत्री की पत्नी का इलाज करवाने परिवार दिल्ली गया था।

पहले तो परिवार के लोग घर में गहने तलाशते रहे, लेकिन गहने नहीं मिले। अब 9 महीने बाद मंत्री के बेटे ने चोरी की FIR दर्ज कराई है। घर के 3 नौकरों पर आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि नौकर की रेकी की तो पता चला कि उसने ही चोरी की है। पुलिस ने मंगलवार को FIR दर्ज की। इसके बाद 4 लोगों को अरेस्ट किया। पुलिस के मुताबिक, करीब 90% चोरी के सामान बरामद कर लिए हैं। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रघुराज सिंह थाना बन्नादेवी क्षेत्र के ITI रोड स्थित गभाना हाउस में रहते हैं। वह सन्निनिर्माण कर्मकार राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष भी हैं। उनके बड़े बेटे पूर्व पार्षद नरेंद्र प्रताप सिंह ने चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।

FIR के मुताबिक, उनकी मां लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनका दिल्ली AIIMS में इलाज चल रहा था। उनकी देख-रेख में दोनों भाई हॉस्पिटल में थे। इस बीच घर में उनकी पत्नी, बच्चे के साथ अकेली ही रहीं। घर में उनका 20 साल पुराना नौकर बन्नादेवी निवासी ​​​​​​सोनू, सागर और उनकी मां रहती थीं। इस बीच घर से गहने चोरी हो गए।

बेटे ने बताया- 12 फरवरी 2024 को मां की मौत हो गई। मौत के बाद घर से कीमती सामान चोरी होने की जानकारी हुई। इसके बाद अपने स्तर से सामान गायब होने की जानकारी करने की काफी कोशिश की। मगर, सफलता नहीं मिली। अब जानकारी मिली कि नौकर सागर ने अपने एक साथी सचिन निवासी बरौला को एक अंगूठी आदि सामान बेचा है। बेटे ने बताया- सागर की रेकी की गई तो पाया गया कि उसने यह चोरी की है, जिसमें उसका सहयोग सचिन के अलावा उसके दूसरे साथी रोहिताश ने भी दिया है। बन्नादेवी पुलिस ने इन आरोपों में चोरी का मुकदमा सागर, सचिन और रोहिताश पर दर्ज कर लिया है।

प्रभारी निरीक्षक बन्नादेवी पंकज मिश्रा ने बताया- आरोपी नौकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम कबूले। इसके बाद 3 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *