Latest

हरिद्वार जेल से रामलीला में वानर बने दो कैदी फरार, सीता माता की खोज के बहाने निकले

हरिद्वार में रामलीला मंचन के दौरान जेल से दो कैदी फरार हो गए। शुक्रवार रात दोनों वानर का रोल निभा रहे थे। माता सीता को खोज के लिए बहाने दीवार फांदकर भाग गए। काफी देर तक नहीं लौटे तो अफसरों को इसका पता चला।

घटना रोशनाबाद जेल की है। कैदियों की पहचान रुड़की निवासी पंकज और यूपी के गोंडा के रहने वाले राजकुमार के रूप में हुई है। पंकज हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। राजकुमार अपहरण के मामले में विचाराधीन है।

रोशनाबाद जेल में हर साल रामलीला होती है। शुक्रवार रात रामलीला का मंचन हो रहा था। वानर सेना माता सीता की खोज के लिए निकली। इसी दौरान मौका पाकर पंकज और राजकुमार निर्माणाधीन हाई-सिक्योरिटी बैरक के पास पहुंचे। वहां रखी सीढ़ी के सहारे जेल की दीवार फांद गए। जेल प्रशासन के एक सीनियर अफसर ने बताया- रामलीला खत्म होने के बाद कैदियों की गिनती कर बैरक के अंदर किया जा रहा था। इस दौरान दो कैदी कम पाए गए। इसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जेल के अंदर उनकी तलाश की गई। देर रात तक जेल प्रशासन अपने स्तर पर कैदियों को तलाश करता रहा। जेल में लगे CCTV के फुटेज खंगाल गए। मगर कैदियों का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।

एक कैदी ने बताया- जब दोनों कैदी भागे, उस वक्त जेल प्रशासन के कर्मचारी रामलीला देखने में व्यस्त थे। दोनों सीढ़ी लगाकर जेल से फरार हुए। रातभर हरिद्वार पुलिस और जेल प्रशासन कैदियों की तलाश में जुटा रहा। कैदियों की एक्टिविटी कई दिनों से संदिग्ध लग रही थी। वह कई दिनों से फरार होने की फिराक में थे।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *