उन्नाव : कार गोदाम में भीषण आग, 90 गाड़ियां जलीं
उन्नाव के नेहरू बाग इलाके में बुधवार दोपहर KIA कंपनी के कार गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि वहां खड़ी 80 से 90 नई कारें पल भर में जल गईं। तीन घंटे तक गोदाम धधकता रहा। एक किमी तक धुएं का गुबार दिखा।
आसपास के लोग सकते में आ गए। जैसे ही घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को मिली, मौके पर दमकल की 6 गाड़ियां रवाना की गईं। 24 से अधिक फायरकर्मियों ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। हादसे में करीब 15 से 20 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। इसी गोदाम से आस-पास के जिलों को कार सप्लाई की जाती थीं।
कार गोदाम जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर है। पिछले पांच वर्षों से यहां से कारों की सप्लाई की जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भयानक थी कि वहां खड़ी कारों का लोहा तक पिघल गया। घटना के वक्त गोदाम में गार्ड था। उसने भागकर अपनी जान बचाई। कानपुर के कृष्णानगर निवासी राजेश कुमार तिवारी ने बताया, उनका कानपुर के माल रोड में एएसआर प्राइवेट लिमिटेड नाम से किया कार का शोरूम है। कानपुर में ही कई अन्य जगहों पर ही उनके शो-रूम हैं। कुछ साल पहले उन्नाव सदर क्षेत्र के नेहरूबाग में उन्होंने नई कार खड़ीं करने के लिए यार्ड बनाया था। कंपनी से गाड़ियां खरीदने के बाद इसी यार्ड में खड़ा कराया जाता था। इसी यार्ड से वाहन शो-रूम ले जाए जाते हैं। सुरक्षा के तौर पर राजेश कुमार गार्ड की तैनाती है। बुधवार दोपहर 3 बजे यार्ड के पीछे खाली प्लाट में खड़ी पतावर में किसी ने आग लगाई। यहीं से भड़की आग यार्ड तक पहुंच गई।
CFO अनूप सिंह ने बताया, मगरवारा के नेहरू बाग में KIA का शोरूम है। आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचा। यहां भयावह आग लगी हुई थी। दमकल की टीम को बार-बार पानी भरने के लिए लौटना पड़ा। करीब 3 घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।