यूपी BJP अध्यक्ष पंकज चौधरी हुए भावुक
यूपी भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी मंगलवार को अपने गृह जनपद महराजगंज पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर से फूल बरसाए। क्रेन से ढाई क्विंटल की माला पहनाई गई।
भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पंकज चौधरी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा- जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं और आम जन का उत्साह और प्रेम देखने को मिला। मैं उसे देखकर भावुक हो गया। खासतौर से मैं महाराजगंज की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। आप लोगों ने मुझे 7 बार पार्लियामेंट का सदस्य बनाया। मैं मंत्री बना। आज प्रदेश अध्यक्ष हूं।
पंकज चौधरी ने जातिवादी राजनीति को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- जातीय पार्टियां बहुत दिन तक जीवित नहीं रहती। उनका हश्र अभी बिहार में दिखाई दिया। सभी जातीय और पारिवारिक पार्टियां मिलकर लड़ रही थीं और SIR पर बहुत बड़ा तूफान खड़ा किया था। लेकिन बिहार की जनता ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
पंकज ने कहा- अखिलेश यादव PDA की बात करते हैं, पहले वह तय करें कि PDA है क्या।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उस पर पूर्ण रूप से खरा उतरने का प्रयास करूंगा। भाजपा का कार्यकर्ता 365 दिन सेवा का काम करता है। 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं।
संभल में अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई को लेकर कहा कि जहां-जहां भी अवैध अतिक्रमण है। चाहे वह किसी भी मजहब का हो उस पर कार्रवाई होगी।
संगठन को पार्टी की असली ताकत और पहचान बताते हुए पंकज चौधरी ने कहा- संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही सशक्त होगी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
यूपी पहले बीमारू राज्य था प्रदेश अध्यक्ष ने पीएम मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प का जिक्र किया। कहा- इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 2017 से भी बड़ी और ऐतिहासिक जीत दिलाना जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जुटना होगा।
उन्होंने कहा- एक समय प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज कानून व्यवस्था, विकास और सुशासन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश के लिए उदाहरण बन चुका है।
प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कतरारी और टोल प्लाजा पर जेसीबी मशीन से फूलों की बारिश की गई। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। परतावल में निर्भय सिंह के नेतृत्व में शिवशंकर बर्मा एवं सतीश मदेशिया ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

