यूपी : कोहरा, 4 हादसे-8 गाड़ियां टकराईं
यूपी में कड़ाके की ठंड जारी है। बर्फीली हवाओं की वजह से रात का तापमान शिमला (7°C) और जम्मू (4.4°C) से भी नीचे पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में तापमान 10°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान हरदोई सबसे ठंडा रहा, यहां पारा 3°C रिकॉर्ड किया गया।
रायबरेली में पारा 3.4°C, बरेली में 3.5°C और कानपुर नगर में 3.8°C और अलीगढ़ में 4°C दर्ज किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने 18 जनवरी से बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार सुबह आगरा, बरेली, गाजियाबाद, गोंडा, हाथरस, संभल समेत 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम हो गई।
कोहरे के चलते 4 भीषण हादसों में एक की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। पहला हादसा मेरठ में हुआ। यहां देर रात दो कारें टकरा गईं। हादसे में कार ड्राइवर को चोटें आईं। दूसरा- संभल में गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक जा घुसी। बाइक सवार की मौत हो गई। तीसरा- कुशीनगर में 3 ट्रक आपस में भिड़ गए। चौथा- बिजनौर में बस सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए।
गोरखपुर, लखनऊ समेत 50 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। वंदे भारत जैसी VIP ट्रेनें भी तय समय से देरी से चल रही हैं। हवाई सफर पर भी कम विजिबिलिटी का असर पड़ा। करीब 10 फ्लाइट्स तय समय से देरी से उड़ीं।

