यूपी : कोहरे का रेड अलर्ट, हाईवे पर 20 गाड़ियां टकराईं
यूपी में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। सर्द हवाएं चल रही हैं। गोरखपुर, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा समेत 30 जिलों में कोहरा छाया है। कई जगह विजिबिलिटी शून्य रह गई। बुलंदशहर में कोहरे की वजह से एक के बाद एक 20 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। ऐसे ही प्रयागराज, प्रतापगढ़ और श्रावस्ती में भीषण सड़क हादसों में 10 लोग घायल हो गए।
इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए भयंकर ठंड की चेतावनी जारी की है। अयोध्या-सीतापुर समेत 23 जिलों में सीजन में पहली बार रेड अलर्ट है। लखनऊ-कानपुर समेत 31 जिलों में ऑरेंज और प्रयागराज समेत 14 जिलों में यलो अलर्ट है। धूप निकलने के चांस कम हैं। लोगों को बेवजह यात्रा करने से बचे, बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी गई है।
शुक्रवार की बात करें तो प्रदेश में शिमला (7.5°C), नैनीताल (8°C) और जम्मू (7.1°C) से भी ज्यादा ठंड रिकॉर्ड की गई। इटावा का तापमान 6.2°C दर्ज किया गया। इटावा के बाद सोनभद्र और बाराबंकी 7°C के साथ दूसरे नंबर पर रहा। 7.1°C के साथ आगरा तीसरा और 7.2°C के साथ फतेहपुर चौथा सबसे ठंडा जिला रहा।
प्रयागराज, देवरिया समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें दो से 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और अयोध्या समेत कई एयरपोर्ट्स से 26 फ्लाइट्स कैंसिल रहीं, जबकि 20 से ज्यादा उड़ानें देरी से रवाना हुईं।
आज कहां हादसे हुए, पॉइंट वार पढ़िए-
- बुलंदशहर: बुलंदशहर के खुर्जा बाईपास पर घने कोहरे के चलते 10 से 20 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा कैलाश हॉस्पिटल के सामने हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ में आग लग गई। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
- प्रयागराज: कौंधियारा में स्टेट हाईवे 30 पर कोहरे के चलते तीन वाहन टकरा गए। इससे हाईवे पर जाम लग गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक और कंटेनर सड़क के बीचो-बीच फंस गए।
- प्रतापगढ़: रोडवेज बस रायगढ़ चैन का पुरवा गांव के पास नहर में पलट गई। बस प्रयागराज से आ रही थी। हादसे में चालक समेत छह यात्री घायल हो गए।
- श्रावस्ती: इकौना बौद्ध परिपथ नेशनल हाईवे पर दो प्राइवेट बसों में टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक घायल हो गया, जबकि 10 लोग जख्मी हुए। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
- मऊ: मोहम्मदाबाद गोहना में दो ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। दो जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रकों को सड़क से हटाया गया।

