Latest

UP- बाराबंकी के अवशानेश्वर मंदिर में भगदड़, 2 की मौत, 29 घायल

यूपी में बाराबंकी के अवशानेश्वर महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को भगदड़ मच गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, 29 लोग घायल हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि रविवार रात 2.30 बजे जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर में अचानक करंट फैलने से हादसा हुआ। भागने के दौरान लोग एक-दूसरे को कुचलते चले गए। डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने घटना को लेकर डीएम से 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है।

CMO अवधेश यादव ने बताया- हादसे के बाद पुलिसकर्मी एंबुलेंस से 29 लोगों को हैदरगढ़ सीएचसी लेकर आए। 9 को त्रिवेदीगंज और 6 को कोठी सीएचसी भेजा गया। 5 गंभीर घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अब तक दो की मौत हुई है।

डीएम शशांक त्रिपाठी ने बताया- कुछ बंदर बिजली के तार पर कूद गए थे, जिससे तार टूटकर मंदिर परिसर के टीनशेड पर गिर गया। इसी कारण करंट फैल गया। करंट लगने से प्रशांत कुमार (16) और रमेश कुमार (35) की मौत हुई है।

योगी सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। अवशानेश्वर मंदिर जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त लाइन में करीब 3 हजार लोग दर्शन के लिए लगे हुए थे।

बता दें, रविवार सुबह हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भी भगदड़ मच गई थी। इसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

अवशानेश्वर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजय गिरी ने बताया– रात करीब 2 बजे के बंदरों ने ऊधम मचाया। मंदिर परिसर के अंदर ही राम मंदिर है, जिसके पास तार टूटकर गिरा था। हादसे के बाद तत्काल पूरे मंदिर की सप्लाई काट दी गई थी। जिससे बाकी लोगों की जान बच सकी। पुलिस और निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था। दो लोगों की मौत की सूचना मिली है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- बहुत दुखद है। जो लोग घायल हुए हैं। वे जल्दी से जल्दी स्वस्थ हों। कल उत्तराखंड में मनसा देवी माता के मंदिर में दुर्घटना हुई। आज बाराबंकी में हो गई। बहुत ध्यान देने की आवश्यकता है। लोगों की श्रद्धा, आस्था बढ़ी है। लोग बड़ी संख्या में मंदिरों में दर्शन के लिए आते हैं, व्यवस्था में और अधिक सुधार करने की आवश्यकता है, सुधार किया जाएगा

हादसे पर सीएम योगी ने दुख जताया। मृतक के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की आर्थिक सहायता के निर्देश दिए हैं।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *