google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Dailynews

यूपी की पिंकी की अजित पवार के प्लेन-क्रैश में निधन

महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के साथ प्लेन क्रैश में यूपी की पिंकी माली की भी मौत हो गई। वह प्लेन में केबिन क्रू थीं। पिंकी माली मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली थीं। पिता शिव कुमार माली मुंबई में टैक्सी चलाने के साथ ही शिवसेना नेता हैं।

जौनपुर में पिंकी का घर जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर केराकत तहसील के भैंसा गांव में है। गांव में रहने वाले अशोक सिंह ने बताया- पिंकी के पिता का गांव से गहरा जुड़ाव था। वह हर साल गांव में दुर्गा पूजा करवाते हैं। दो महीने पहले भी गांव आए थे। पिंकी का एक भाई करन और एक बहन प्रीति हैं। 29 साल की पिंकी मुंबई में ही वरली के सेंचुरी क्वार्टर में रहती थीं। पिंकी के पिता शिव कुमार माली ने कहा- मैंने उससे कल आखिरी बार बात की थी। उसने बताया था कि वह अजित दादा के साथ बरामती जाएंगी। वहां से नांदेड़ जाएंगी। उसने कहा था कि वह अजित पवार की मुझसे बात कराएगी। वह बहुत खुश थी। भाई करन ने बताया कि सुबह कॉल पर पिंकी ने कहा था कि वह बारामती से नांदेड़ जा रही हैं। उसके बाद उसका कोई मैसेज नहीं आया।

बेटी की मौत की खबर सुनकर मुंबई में रह रहीं पिंकी की मां माया माली बिलख पड़ीं। उन्होंने कहा- मेरा मन बहुत घबरा रहा था। मैं सोच रही थी कि क्या कुछ हुआ है, लेकिन लोग मुझे कुछ नहीं बता रहे थे। अंदर से मुझे लग रहा था कि कुछ ठीक नहीं है। वह रोज सुबह मुझे फोन करती थी। कहती थी- “मम्मी, नाश्ता कर लो, दवा खा लो।” लेकिन आज उसका कोई मैसेज या कॉल नहीं आई।

बेटी बड़े नेताओं और अधिकारियों के साथ फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में काम करती थी। अजीत पवार, देवेंद्र फडणवीस, नारायण राने और उनके बेटे के साथ वह यात्रा कर चुकी है। अब तक नहीं पता चला कि हादसा तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुआ या कुछ और। मैं चाहती हूं कि इसकी पूरी जांच हो। मेरी बेटी अब हमारे पास नहीं है, वह लौटकर नहीं आएगी।

भैंसा गांव में रहने वाले शीतला प्रसाद माली पिंकी के चचेरे भाई हैं। वह बताते हैं- पिंकी के पिता शिव कुमार माली 4 भाई हैं। शिव कुमार के पिता, बाबू राम का पिछले साल निधन हो गया था।

वह परिवार के साथ 30-35 साल से मुंबई में रहते हैं। परिवार दो महीने पहले मुंबई से आया था। पिंकी की शादी यूपी के बस्ती जिले में हुई थी। उसके ससुराल वाले भी मुंबई में रहते हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *