खुर्जा जंक्शन पर 12 जून से वंदे भारत का ठहराव, सुबह और रात को रुकेगी ट्रेन
खुर्जा जंक्शन से अयोध्या की यात्रा अब और सुगम हो जाएगी। आनंद विहार से अयोध्या कैंट तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 12 जून से खुर्जा जंक्शन पर रुकेगी। प्रयागराज के एडीआरएम संजय सिंह ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।
गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा की मांग पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह निर्णय लिया है। सांसद ने हाल ही में प्रतिनिधि मंडल के साथ रेल मंत्री से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी थी।
नई समय-सारिणी के अनुसार, आनंद विहार से अयोध्या जाने वाली ट्रेन सुबह 7:15 बजे खुर्जा जंक्शन पहुंचेगी। वहीं वापसी में अयोध्या कैंट से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन रात 9:30 बजे स्टेशन पर रुकेगी।
खुर्जा जंक्शन स्टेशन अधीक्षक घनश्याम मीणा ने पुष्टि की है कि उन्हें प्रयागराज एडीआरएम का पत्र प्राप्त हो गया है। इससे पहले रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा ने भी वंदे भारत के ठहराव को लेकर पत्र जारी किया था।