Dailynews

वृंदावन हादसा- यमुना में 250 गोताखोर लापता लोगों की तलाश कर रहे, नाव मालिक गिरफ्तार

मथुरा के वृंदावन में नाव हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। अब तक 22 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। अभी 4 लोग लापता हैं। शनिवार को दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। आर्मी समेत 250 लोगों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई है। 14 किमी के दायरे में लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

एक शव देवरहा बाबा घाट के पास से बरामद किया गया है। बाकी लापता लोग अभी तक क्यों नहीं मिल रहे हैं? इस सवाल पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे अफसर ने बताया कि यमुना नदी का बहाव तेज है, इसलिए लोग बहकर काफी दूर जा सकते हैं। इसके अलावा, नदी के अंदर गाद (कीचड़) और रेत में शव दबे हो सकते हैं। 24 घंटे बाद शव फूलकर ऊपर आ सकते हैं।

हादसा शुक्रवार दोपहर 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जहां 37 श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई थी। घाट बांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी दूर है। मृतकों में मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा समेत एक ही परिवार के 7 लोग शामिल हैं।

जिस जगह हादसा हुआ, वहां 25 फीट गहरा पानी है। शुरुआती जांच से पता चला है कि नाव की क्षमता 40 श्रद्धालुओं की थी। किसी भी श्रद्धालु को नाविक ने लाइफ जैकेट नहीं दी थी। पांटून पुल की रिपेयरिंग कर रहे लोगों और अन्य नाविकों ने कुछ लोगों को बचाया। बाद में प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू शुरू किया।

पुलिस ने आरोपी नाविक पप्पू निषाद को हादसे के 6 घंटे बाद यानी रात 9 बजे हिरासत में लिया। नाव उसकी खुद की थी। उसने श्रद्धालुओं को जुगल घाट से बैठाया था। हादसे के बाद फरार हो गया था। हादसे में जिंदा बचे युवक ने बताया- नाव तट से करीब 50 फीट दूर यमुना नदी के बीच में थी। उस वक्त हवा करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। तेज हवा के कारण नाव अचानक डगमगाने लगी। नाविक का नियंत्रण छूट गया।

पर्यटकों ने नाविक से कहा कि पुल आने वाला है, नाव रोक लीजिए, लेकिन उसने नहीं सुनी। दो बार नाव पीपा पुल से टकराने से बची, लेकिन तीसरी बार टक्कर हो गई और नाव डूब गई।

गुरुवार (9 अप्रैल) को लुधियाना के जगराओं स्थित श्री बांके बिहारी क्लब की ओर से 2 बसों में 130 श्रद्धालुओं को ले जाया गया था। इनमें से 90 श्रद्धालु जगराओं से थे और बाकी अन्य शहरों से। यह वृंदावन की 4 दिन की यात्रा थी।

मृतकों में मधुर बहल, उनकी मां कविता बहल, चाचा चरणजीत, चाची पिंकी बहल, बुआ आशा रानी, दूसरी बुआ अंजू गुलाटी और फूफा राकेश गुलाटी शामिल हैं।

SP सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि NDRF की 8, SDRF की 5, PAC की 3 और प्राइवेट गोताखोरों की 6 टीमें सर्च ऑपरेशन में लगी हैं। एक बॉडी आज मिली है। उनकी शिनाख्त हो गई है। उनके पिता और भाई यहीं हैं। उन्होंने उनकी पहचान मानिक टंडन के रूप में की है। बाकी 4 लोगों की तलाश की जा रही हैं।

हादसे के कारणों की जांच के लिए ADM वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा के नेतृत्व में जांच की जाएगी। इस बीच जिलाधिकारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर लापता लोगों के परिवारवालों से बात की।

NDRF के नरेश नामदेव ने बताया कि 32 सदस्यीय टीम लगी है। जिसमें 10 डीप ड्राइवर हैं। नीचे गाद और बालू होने के कारण दिक्कत आ रही है। 25 फीट नीचे स्टीमर की छत है अभी जिसके नीचे संभावना है कि मिसिंग दवे हो सकते हैं। अभी कुदाल आदि उपकरण मंगाए हैं जिसके बाद नीचे जाकर खुदाई की जाएगी

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *