अमिताभ बच्चन 83 साल के कब लेंगे रिटायरमेंट ?
नई दिल्ली. 83 साल की उम्र, छह दशक से लंबा करियर और आज भी वही एनर्जी… अमिताभ बच्चन को यूं ही महानायक नहीं कहा जाता. हर कोई ये सोचता है कि आखिर बिग बी रिटायरमेंट कब लेंगे? लेकिन क्या आप जानते हैं कि अमिताभ बच्चन ने खुद इस बात का खुलासा कर दिया है. हाल के दिनों में उन्होंने अपने काम, दिनचर्या और आगे की योजनाओं को लेकर कुछ ऐसी बातें साझा की हैं, जिन्होंने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. उन्होंने इशारों-इशारों में बताया कि अब उनकी कोशिशें किस दिशा में हैं और समय को लेकर उनका नजरिया कैसे बदल रहा है.
भारतीय सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन 83 की उम्र में भी लगातार काम कर रहे हैं और उनका कहना है कि जब तक संभव होगा, वे काम करते रहेंगे. हाल ही में अपने ब्लॉग में उन्होंने ‘बिजी रहने’ की अहमियत पर खुलकर बात की और माना कि काम की अनुपस्थिति मन में नकारात्मक भावनाएं पैदा करती है. सोशल मीडिया पर बिग बी काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपनी बातों को शेयर करते हैं. मंगलवार तड़के लिखे ब्लॉग में अमिताभ ने बताया कि सुबह जल्दी मीटिंग्स तय थीं, इसलिए वह सामान्य से पहले लिख रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने काम को जीवन का जरूरी हिस्सा बताया. बिग बी ने लिखा- ‘धीरे-धीरे कोशिशें फल देती हैं और इंसान का काम में लगे रहना बेहद आवश्यक है, क्योंकि खालीपन नुकसानदेह होता है. इसलिए उनका स्पष्ट संदेश है- ‘काम, काम, काम… जब तक कर सकते हैं.’
अमिताभ बच्चन हाल ही में लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के 17वें सीजन को होस्ट करते नजर आए. सीजन के समापन पर उन्होंने दर्शकों के नाम भावुक संदेश दिया था. उन्होंने कहा, ‘कभी-कभी, हम किसी पल को इतना गहराई से जीते हैं और उसमें इतने खो जाते हैं कि जब वह अपने अंतिम बिंदु पर पहुंचता है तो ऐसा लगता है कि यह अभी शुरू ही हुआ था, और फिर भी यह इतनी जल्दी खत्म हो रहा है… मैंने अपने जीवन का एक-तिहाई… एक-तिहाई से ज्यादा, आप सभी के साथ बिताया हैऔर यह एक बहुत बड़ा विशेषाधिकार रहा है. 83 साल की उम्र में भी अमिताभ की काम करने की ललक कम नहीं हुई है. कुछ महीने पहले उन्होंने खुलासा किया था कि वह सुबह 5:30 बजे तक काम करते रहते हैं. उन्होंने मजाक में लिखा था, ‘सुबह 5:30 बजे तक काम करते रहे… और यह भूल ही गए कि महत्वपूर्ण ब्लॉग का काम और जवाब देना बाकी है… तो माफी और अफसोस… लेकिन काम के लिए कभी अफसोस नहीं.’
फिल्मी मोर्चे पर, अमिताभ आखिरी बार नाग अश्विन निर्देशित कल्कि 2898 एडी में दिखाई दिए. प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हासन जैसे सितारों से सजी इस फिल्म में अश्वत्थामा की उनकी भूमिका को दर्शकों ने खूब सराहा. फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर बड़ी सफलता दर्ज की.
शोले, दीवार, आनंद, डॉन, जंजीर, अग्निपथ, ब्लैक, पीकू और पिंक जैसी फिल्मों से पीढ़ियों को प्रभावित करने वाले अमिताभ बच्चन आज भी उतनी ही ऊर्जा के साथ सक्रिय हैं. उनके शब्दों से साफ है कि उनके लिए काम सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जीवन को अर्थ देने वाली शक्ति है.

