योगी ने 600 की स्पीड वाली ट्रेन में सफर किया
यूपी के CM योगी के जापान दौरे का आज आखिरी दिन है। इस दौरान उन्होंने यामानाशी में मैग्लेव ट्रेन से यात्रा की। 600 किमी रफ्तार वाली हाईस्पीड मैग्लेव (मैग्नेटिक लेविटेशन) ट्रेन चुंबकीय शक्ति के सहारे पटरी से ऊपर हवा में तैरते हुए चलती है।
इससे पहले टोक्यो से यामानाशी जाते वक्त योगी ने जापान में रहने वाले भारतीय परिवारों से मुलाकात की। भारतीय मूल के लोगों और बच्चों के साथ कुछ वक्त बिताया। बच्चों ने सीएम योगी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बच्चों ने योगी को मंत्र सुनाए। सीएम ने बच्चों को चॉकलेट दीं।
योगी ने अपने X अकाउंट पर इस मुलाकात का वीडियो भी शेयर किया। इसमें एक महिला योगी से बातचीत करते दिखाई दे रही है। भारत के प्रति अपने लगाव के बारे में बता रही है। उसने अपने बच्चे को योगी से मिलाया। बच्चे ने योगी को शिव मंत्र ‘कर्पूरगौरं करुणावतारं…’ सुनाना शुरू किया। मंत्र पूरा करने में बच्चा जब अटका तो योगी उसे पूरा किया।
योगी यामानाशी पब्लिक स्कूल भी पहुंचे। बच्चों से बातचीत की। उन्हें तोहफे दिए। इसके बाद योगी ने यामानाशी हाइड्रोजन फैसिलिटी P2G (पावर-टू-गैस) सिस्टम की साइट विजिट की। रिसर्च फैसिलिटी के फंक्शन को समझा। यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोटारो नागासाकी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। यूपी इंवेस्टमेंट रोडशो के तहत निवेशकों से बात की।
योगी के जापान दौरे के आज के अपडेट्स
- इससे पहले उगते सूर्य के देश में संस्कारों की परंपरा को बरकरार रखने पर सीएम योगी ने भारतीय मूल के परिवार को बधाई दी। योगी ने X पर लिखा- संस्कारों की पावन परंपरा का स्पंदन, सनातन संस्कृति के स्वर्णिम आलोक से आलोकित उगते सूरज की पावन धरा…।
- इसके बाद योगी यामानाशी हाइड्रोजन फैसिलिटी पहुंचे। एडवांस्ड पावर-टू-गैस सिस्टम को काम करते हुए देखा। ग्रीन हाइड्रोजन और क्लीन एनर्जी टेक्नोलॉजी को समझा।
- योगी ने कहा- यूपी ग्रीन हाइड्रोजन, सस्टेनेबल एनर्जी सॉल्यूशंस, इनोवेशन, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण की जिम्मेदारी से चलने वाले भविष्य को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
- योगी ने यामानाशी में यूपी इंवेस्टमेंट रोडशो को संबोधित किया। कहा- यूपी भारत की आबादी का सबसे बड़ा राज्य है। 25 करोड़ की आबादी उत्तर प्रदेश में निवास करती है। जैसे प्रकृति की अत्यंत कृपा जापान के नामानाशी प्रांत पर है वैसी ही कृपा प्रकृति उत्तर प्रदेश पर भी है। इन सभी सुविधाओं से संपन्न होने का लाभ उत्तर प्रदेश को प्राप्त होता है।
- योगी ने कहा- आज प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। हमने 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय को 3 गुना करने में सफलता प्राप्त की है।
- योगी ने कहा कि उन्होंने यामानशी में ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन को नजदीक से देखा। इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश और यामानशी के बीच एक ऐतिहासिक समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
- योगी ने हाईस्पीड और अत्याधुनिक मैग्लेव (मैग्नेटिक लेविटेशन) ट्रेन में सफर किया। उन्होंने इसमें 100 किलोमीटर की परीक्षण यात्रा की। यह ट्रेन चुंबकीय शक्ति के सहारे पटरी से ऊपर हवा में तैरते हुए चलती है। जापान टोक्यो से नागोया के बीच मैग्लेव कॉरिडोर को 2027 तक शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा समय आधे से भी कम रह जाएगा।

