News

दे-दे प्यार दे’ गाने पर योगी के मंत्री का डांस, शादी में पहुंचे थे मनोहर लाल पंथ

Share News

ललितपुर में योगी के मंत्री ने दे-दे प्याद दे गाने पर जमकर ठुमका लगाया। शादी समारोह में पहुंचे मनोहर लाल पंथ गाना बजने पर अपने आप को रोक नहीं पाए। ऑर्केस्ट्रा की महिला सिंगर ने जैसे ही गाना शुरू किया, श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री मंच पर चढ़ गए। समर्थकों के साथ डांस करने लगे।

राज्य मंत्री के डांस का यह वीडियो रविवार का बताया जा रहा है। मामला झांसी रोड पर स्थित नवीन गल्ला मंडी के सामने स्थित ब्रजवासी होटल का है। मनोहर लाल पंथ महरौनी विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार बीजेपी के टिकट पर विधायक हैं।

राज्यमंत्री स्थानीय फर्नीचर व्यापारी मनोज जैन चौधरी के भतीजे की शादी में करीब 9 बजे पहुंचे थे। पार्टी में मौजूद लोगों ने उनके साथ फोटो ली। वर-वधू को आशीर्वाद देने के बाद राज्यमंत्री समर्थकों के साथ बैठे थे।

तभी ऑर्केस्ट्रा की महिला सिंगर ‘दे-दे प्यार दे’ गाना गाना शुरू किया। गाना सुनते ही राज्यमंत्री स्टेज पर चढ़ गए। वो गाने पर झूमने लगे। उनको नाचते देख समर्थक भी डांस करने लगे। इस दौरान कुछ लोग राज्यमंत्री के ऊपर से पैसे उतार कर उड़ाते भी दिखे।

राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ ने 1 साल पहले भी इसी गाने पर डांस किया था। तब वे ललितपुर के गांव थनवारा निवासी रिटायर्ड शिक्षक बालकृष्ण नायक नन्ना के नाती की शादी में पहुंचे थे। बालकृष्ण नायक को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

बताया जाता है, राज्यमंत्री को ये गाना काफी पसंद है। वह पहले भी कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में नाचते-गाते दिखाई दे चुके हैं। महरौनी विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक बने मनोहर लाल पंथ ललितपुर में काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने दोनों बार एक लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल कर प्रदेश के टॉप-10 जीतने वाले विधायकों में अपना स्थान बनाया।

वर्तमान में वो योगी सरकार में राज्यमंत्री के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले भी योगी की पहली कैबिनेट में श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे हर समारोह में परिवार के सदस्य की तरह शामिल होते हैं। लोगों के साथ घुल-मिल जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *