सुल्तानपुर में पटाखा फैक्ट्री में 12 ब्लास्ट, छत उड़ी:5 घरों में दरारें
सुल्तानपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। 5 मिनट में एक के बाद एक 12 जोरदार विस्फोट हुए। धमाके इतने जोरदार थे कि मकान की पूरी छत उड़ गई। दीवारें भरभराकर गिर गईं। बगल के 5 मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। हादसे में एक परिवार के 5 लोग समेत 12 लोग घायल हो गए।
5 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और पुलिस की टीमें पहुंची हैं। आनन-फानन में सभी को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके की आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। मकान के अंदर पहुंचे तो जगह-जगह सुतली बम बिखरे हुए थे। पुलिस के मुताबिक, अवैध पटाखा फैक्ट्री घर में चल रही थी। हादसा बुधवार सुबह साढ़े 4.50 बजे के करीब हुआ।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के मियागंज मोहल्ले के नाजिर पटाखा व्यवसायी हैं। मियागंज, जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर है। बताया जा रहा कि व्यवसायी के घर में करीब 10 साल से मिनी पटाखा फैक्ट्री संचालित थी। दीपावली को लेकर पिछले कई दिनों से पटाखे तैयार किए जा रहे थे।
मकान में भारी मात्रा में बारूद और पटाखे बनाने की सामग्री को स्टोर किया गया था। पड़ोसियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 4:50 बजे मकान में तेज विस्फोट हुआ। इसके बाद एक के बाद एक 12 धमाके हुए। धमाकों की आवाज सुनकर मोहल्ले में दहशत फैल गई। लोग जल्दी से अपने घरों के बाहर निकले।
देखा पटाखा व्यवसायी नासिर के मकान की छत उड़ गई है। दीवारें भरभराकर गिर चुकी हैं। चीख-पुकार मची थी। नासिर के परिवार के सभी 5 लोग मलबे में दबे हुए थे। आसपास के 5 मकानों में भी दीवारों में दरारें आ गईं। धमाका थमा तो लोग हिम्मत कर नासिर के घर तक पहुंचे। नासिर और परिवार के अन्य सदस्यों को मलबा हटाकर निकाला। पुलिस को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी पहुंची। इस विस्फोट में 12 लोग घायल हुए। नासिर के परिवार के सदस्यों के अलावा घायलों में 7 लोग पड़ोस के रहने वाले हैं। सभी को जयसिंहपुर सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टर्स ने 5 की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टर्स के अनुसार, नासिर की पत्नी जमातुल निशा (60), बेटे नूर मोहम्मद (25), कैफ (18), साहिल (10) और बेटी खुशी बानू (20) की हालत गंभीर है। उधर, विस्फोट की सूचना के बाद सीओ जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी, गोसाईगंज थाना अध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय, जयसिंहपुर कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह और मोतीगरपुर थाना प्रभारी जांच पड़ताल में जुटे हुए थे। मलबा हटाया जा रहा था।
पटाखा व्यवसायी के पड़ोस में रहने वाले लक्ष्मी प्रसाद ने बताया- पटाखों में धमाके के बाद घर में रखा एक एलपीजी सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया था। सिलेंडर के फटने से सबसे अधिक नुकसान हुआ और मकान की छत ही उड़ गई।
पड़ोसी लक्ष्मीकांत के अनुसार, नासिर हर साल दीपावली पर पटाखे बनाता था। लाइसेंस लेता था। इस साल लाइसेंस रिन्यूवल नहीं हुआ था। अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। सीओ आरके चतुर्वेदी ने बताया- मलबा हटाया जा रहा है। जांच की जा रही है कि पटाखे बनाने के लिए लाइसेंस लिया गया था कि नहीं।