जौनपुर में 2 सिपाहियों ने डेढ़ लाख का iPhone चुराया
जौनपुर में दो सिपाही चोर निकले। यहां एक मोबाइल शॉप पर दो सिपाही फोन खरीदने पहुंचे थे। बहाने से एक सिपाही ने अपना पुराना आईफोन निकालकर पर रखा और नया आईफोन चुपके से जेब में रख लिया।
इसके बाद बोले- मोबाइल पसंद नहीं आया। हम जा रहे हैं। फिर शॉप से निकल गए। कुछ देर बार जब दुकानदार को पता चला तो उसने CCTV चेक किए, जिसमें सिपाही मोबाइल चुराता दिखा।
दुकानदार ने थाने में दोनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एसपी ने दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है। मामला लाइन बाजार थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, जेसीज चौराहे पर मोबाइल शोरूम है। शनिवार, 7 फरवरी की दोपहर करीब 2 बजे दो सिपाही पहुंचे। उन्होंने एक महिला स्टाफ से आईफोन दिखाने को कहा। दोनों सिपाही लगभग 20 मिनट तक मोबाइल देखते रहे। इसके बाद वहां से चले गए।
दुकानदार शिवम ने बताया- पुलिसकर्मियों ने अपना पुराना आईफोन-13 प्रो रखकर दुकान से आईफोन-15 मैक्स चुरा लिया। चुराए गए मोबाइल की कीमत 1 लाख 62 हजार रुपए है। चोरी का पता चलने पर अपने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा।
दुकानदार ने अपने वॉट्सऐप ग्रुप में 200 लोगों को वीडियो भेजा। जिसके बाद पहचान हुई कि ये सिपाही हैं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वीडियो लेकर वह एसपी सिटी से मिला। जिसके बाद कार्रवाई हुई। रविवार को पीड़ित दुकानदार को उसका मोबाइल बरामद करा दिया गया।
दुकानदार शिवम ने बताया, इनमें एक सिपाही करीब एक साल पहले तक उसकी दुकान के ऊपर चल रही डिजिटल लाइब्रेरी में आता-जाता था और वहीं पढ़ाई भी करता था।
एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया- मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों सिपाहियों धनंजय बिन्द और मिथिलेश यादव को सस्पेंड कर दिया गया है। विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

