SIR नोटिस मिलते ही उमड़ा मतदाताओं का सैलाब, जानिए पूरा नियम
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. जिन मतदाताओं ने अब तक अपने SIR फॉर्म नहीं भरे थे, उनके घरों पर सरकार की ओर से नोटिस भेजे गए हैं. नोटिस मिलते ही हजारों की संख्या में लोग सदर तहसील सहित विभिन्न केंद्रों पर पहुंच रहे हैं. हालात यह हैं कि लोगों को अपने फॉर्म जमा करने में कई-कई घंटे इंतजार करना पड़ रहा है.
नोटिस मिलने के बाद दौड़े मतदाता
घर पर नोटिस मिलने के बाद मतदाताओं में हलचल तेज हो गई है. बड़ी संख्या में लोग मथुरा की सदर तहसील और अन्य निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर अपने SIR फॉर्म भरवा रहे हैं. भीड़ अधिक होने के कारण व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है. कई मतदाता सुबह से लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.
किन मतदाताओं को कौन सा फॉर्म भरना जरूरी
सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें केवल एनुमरेशन फॉर्म भरना होगा. दस्तावेज के रूप में 2003 की मतदाता सूची का साक्ष्य अपलोड करना अनिवार्य है. ऐसे मामलों में अन्य अतिरिक्त दस्तावेजों की आवश्यकता नहीं है.
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का जन्म भारत में 01.07.1987 से पहले हुआ है, तो उसे अपनी जन्म तिथि और या जन्म स्थान प्रमाणित करने के लिए दस्तावेज देने होंगे. यदि जन्म 01.07.1987 से 02.12.2004 के बीच हुआ है, तो अपने साथ-साथ माता या पिता की जन्म तिथि और या जन्म स्थान से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे.
यदि किसी मतदाता का जन्म भारत में 02.12.2004 के बाद हुआ है, तो उसे अपनी जन्म तिथि और या जन्म स्थान, पिता की जन्म तिथि और या जन्म स्थान तथा माता की जन्म तिथि और या जन्म स्थान से संबंधित प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने होंगे. मतदाता बनने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 13 प्रकार के दस्तावेजों में से कोई एक देना होगा.
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद मथुरा की 81 छाता, 82 मांट, 83 गोवर्धन, 84 मथुरा एवं 85 बल्देव (अ०जा०) विधानसभा क्षेत्रों में SIR का कार्य तेजी से किया जा रहा है. सभी मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों पर आलेख्य प्रकाशन कर दावे और आपत्तियां 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक ली जा रही हैं.
विशेष दिवस और मेगा कैंप का आयोजन
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 31 जनवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किया गया है. इस दिन सभी बूथों पर बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त कर रहे हैं. मेगा कैंप के दौरान बीएलओ द्वारा ड्राफ्ट मतदाता सूची, अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक और डुप्लीकेट सूचियां पढ़कर सुनाई जा रही हैं.
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था
जनपद में कुल 1107 मतदान केंद्र और 2266 मतदेय स्थल हैं. मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रारूप 6, सुधार या स्थानांतरण के लिए प्रारूप 8 और नाम हटाने के लिए प्रारूप 7 संबंधित बूथों पर जमा किए जा सकते हैं. इसके अलावा https://electoralsearch.eci.gov.in और voters.eci.gov.in वेबसाइट तथा वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है.
151 अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी
SIR अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में कुल 151 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है. इनमें छाता तहसील में 27, मांट में 16, गोवर्धन में 20, मथुरा में 69 और बल्देव में 19 अधिकारी शामिल हैं. ये अधिकारी निरंतर सुनवाई कर पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में जोड़ने या अपमार्जित करने का निर्णय ले रहे हैं.

