Politics

अखिलेश ने पूछा- गंगा पर इफ्तार क्यों नहीं कर सकते, बनारस में युवकों ने DM-SP की हथेली गरम नहीं की होगी

काशी में गंगा में नाव पर रोजा इफ्तार करने वाले मुस्लिम युवकों की गिरफ्तारी पर सियासत शुरू हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूछा है कि क्या गंगा में रोजा इफ्तार नहीं कर सकते? डीएम, एसपी और एसओ को इफ्तारी देनी चाहिए थी। हथेली गरम तो पुलिस नरम। उन लोगों ने हथेली गरम नहीं की होगी, इसीलिए कार्रवाई हुई। उनका इशारा रिश्वत की तरफ था।

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने भी यूपी सरकार पर हमला बोला। कहा- यूपी पुलिस कानून के दुरुपयोग का कीर्तिमान बनाना चाहती है। वहीं, भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि गंगा की पवित्रता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दरअसल, बनारस में सोमवार (16 मार्च) को गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी हुई थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर 14 मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया था।

वाराणसी में बोट पर इफ्तार पार्टी के दौरान बिरयानी परोसने वाले युवक सभी एक ही मोहल्ले के हैं। 19 से 25 साल के बीच की उम्र के सभी युवक मदनपुरा इलाके के ताड़तल्ला के रहने वाले हैं। सभी एक ही खानदान के हैं। ये युवक बाबू बीड़ी वाले के नाम से मशहूर घराने से हैं। इनमें मोहम्मद अव्वल, मोहम्मद समीर, मोहम्मद अहमद, नूर इस्लाम और मोहम्मद फैजान एक ही घर के रहने वाले हैं।

इनके साथ एक ही घर के आजाद अली, मोहम्मद तहसीम, महफूज आलम और नेहाल अफरीदी के अलावा मोहम्मद अहमद, मोहम्मद तौसीफ, आमिर कैफी, मोहम्मद अनस और दानिश सैफी घाट पहुंचे थे। फिर बोट में इफ्तार पार्टी हुई थी। लखनऊ में एक इफ्तार पार्टी में पहुंचे सपा प्रमुख ने कहा- ये सब हमारे-आपके बीच में दूरियां पैदा करने के लिए किया जा रहा है। प्रशासन ऐसी कार्रवाई सरकार को खुश करने के लिए कर रहा। एक 5-स्टार जहाज चला था।

उसमें महंगी-महंगी शराब रखी थी। उसके टॉयलेट का वेस्ट गंगा में जा रहा था। उस जहाज के मालिक पर क्या कार्रवाई हुई? उस समय जो गड्ढे खोदकर छोड़ गए थे, उसकी गंदगी गंगा में पहुंची। उस पर क्या एक्शन हुआ? कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने यूपी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने X पर लिखा- पुलिस मुसलमानों के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए उतावली दिख रही है। युवाओं का एक समूह नाव में बैठकर इफ्तार कर रहा था।

बस इतने से किसी छुटभैये नेता की भावना आहत हो गई। उसकी तहरीर पर पुलिस ने 14 युवाओं को गिरफ्तार कर लिया। यूपी पुलिस कानून के दुरुपयोग का कीर्तिमान बनाना चाहती है। नरेन्द्र मोदी जी क्या यही है सबका साथ, सबका विकास का नारा। जिसमें मुसलमानों के नमाज पढ़ने और इफ्तार करने पर मुकदमा दर्ज होगा।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *