Latest

अलीगढ़ : भाजयुमो नेता ने सगे भाइयों को जमकर मारा, सूचना पर पहुंची पुलिस की वर्दी फाड़ी

Share News

अलीगढ़ के सासनीगेट थाना क्षेत्र में भाजयुमो नेता और उसके समर्थकों ने पुराने विवाद में दो सगे भाइयों के साथ जमकर मारपीट की। बीच-बचाव कर रही बुजुर्ग मां को भी आरोपियों ने नहीं बक्शा और उनको भी मारा। जिसके बाद पीड़ित महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत की। घटना की जानकारी मिलने पर जब क्षेत्रीय पुलिस पहुंची, तो आरोपी पुलिसकर्मियों से भी लड़ पड़े। उन्होंने ड्यूटी पर आए सिपाहियों से भी मारपीट शुरू कर दी और उनकी वर्दी फाड़ दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़िता बोली, रिश्तेदारों से था विवाद
आगरा रोड के गोमती नगर निवासी साधना सिंह ने बताया कि भाजयुमो नेताओं ने उनके दोनों बेटों के साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा शिवाय शुक्रवार रात को घर के बाहर टहल रहा था, तभी आरोपी वहां आ गए और उसके ऊपर फायर झोंक दिया।

वह गोली से बचा तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब छोटा बेटा लोकेश अपने भाई को बचाने पहुंचा तो उसे भी मारना शुरू कर दिया और घायल कर दिया। बीच बचाव करने पर उन्हें भी पिस्टल की बट से घायल कर दिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों का उनके रिश्तेदार से कुछ महीने पहले विवाद हुआ था। उनके बेटे अपने रिश्तेदार के साथ उठते-बैठते थे, इसी कारण उनके बेटों पर हमला किया है।

महिला ने जब पुलिस को सूचना दी तो तत्काल ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए। जब उन्होंने आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस कर्मियों से हाथापाई की और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने भाजयुमो जिला महामंत्री अमन शर्मा समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और 5 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता साधना सिंह ने अमन, शशांक, भुमित, प्रगर राठी व एक अन्य के खिलाफ नामजद तहरीर देकर जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है।

घायलों का निजी अस्तपताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद पुलिस कर्मियों ने घायलों को आगरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिससे कि आरोपियों के खिलाफ पक्के साक्ष्य जुटाए जा सकें और उन्हें सख्त सजा दिलाई जा सके।

आरोपियों पर पुलिस ने भी दर्ज किया मुकदमा
सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं ऑनड्यूटी पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने के मामले में भी एक अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश करके जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *