google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Dailynews

अलीगढ़ : फौजियों को लात मारने वाले पुलिस कर्मियों पर हुई FIR

अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र में फौजी भाइयों की गिरफ्तारी के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने थाना घेर लिया और पूर्व सैनिक भी मौके पर पहुंच गए। पूर्व सैनिकों के साथ सेना के अधिकारी और सेना पुलिस भी अतरौली थाने पहुंच गई और अधिकारियों से सारे मामले की जानकारी ली।

सैन्य अधिकारियों के आने की सूचना मिलने पर एसएसपी संजीव सुमन भी तत्काल अतरौली पहुंचे और उन्होंने सेना के अधिकारियों से बात की। उन्होंने फौजियों के मारपीट के साक्ष्य सैन्य अधिकारियों को दिखाए। लेकिन अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों की मारपीट के वीडियो भी एसएसपी को दिखाए। जिसके बाद एसएसपी ने आरोपी पुलिस कर्मियों पर एफआर्इआर के आदेश दिए हैं।

अतरौली के नगाइचपाड़ा निवासी अमित सिंह और उनके भाई अजीत सिंह दोनों फौजी हैं और जम्मू में तैनात है। शनिवार को दोनों अपनी पत्नियों के साथ बाजार गए थे। इसी दौरान वह कस्बे की पुलिस चौकी में दो महीने पहले हुए एक झगड़े की जानकारी लेने के लिए पहुंच गए।

यहां उनकी चौकी इंचार्ज से झड़प हो गई थी और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई थी। फौजी भाइयों ने जांच अधिकारी दरोगा संदीप सिंह, दरोगा सत्यप्रकाश और कांस्टेबल सुचेंद्र को जमकर पीटा था और घायल कर दिया था। उन्होने पुलिस कर्मियों के साथ बाजार में भी मारपीट की थी और वर्दी फाड़ दी थी।

दरोगा के साथ मारपीट की सूचना पर अतरौली थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे और बल प्रयोग करके दोनों फौजी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान पुलिस ने बाजार में फौजी भाइयों को पीटा था और थाने ले आए थे।

जिसके बाद पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए दोनों फौजी भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। लेकिन ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो बना लिया था, जो जमकर वायरल हो रहा था। जिसके बाद ग्रामीणों ने रविवार को थाना घेर लिया।

फौजी भाइयों की सपोर्ट में पूरा गांव थाने पहुंच गया था और जमकर नारेबाजी की। लोगों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए और फौजी भाइयों को तत्काल रिहा करने की मांग भी की। लोगों की भीड़ को देखते हुए कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई थी और एलर्ट मोड में थी। वहीं पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। एसएसपी संजीव सुमन ने सैन्य अधिकारियों से बातचीत की और उन्हें बताया कि फौजियों ने पुलिस के साथ पहले मारपीट की। साक्ष्य के तौर पर अधिकारियों को वीडियो दिखाए गए। जिसके बाद फौजी भाइयों की गिरफ्तारी का वीडियो भी सामने आया, जिसमें पुलिस बल प्रयोग कर रही है।

पुलिस के बल प्रयोग करने वाले वीडियो में एक पुलिस कर्मी फौजी के लात मारते हुए नजर आ रहा था। जिस पर सैन्य अधिकारियों ने नाराजगी जताई और आरोपी पुलिस कर्मियों पर भी मुकदमा दर्ज करने की बात कही। जिसके बाद एसएसपी संजीव सुमन ने तत्काल आरोपी पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद मामला शांत हुआ। एसएसपी संजीव सुमन ने बताया कि शनिवार को हुई घटना के बाद पूर्व सैनिक और सेना के अधिकारी अलीगढ़ आए थे। उन्हें सारे साक्ष्य दिखाए गए कि पहले फौजियों ने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की, जिसके बाद बल प्रयोग करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि सेना के अधिकारियों को पुलिस कर्मी के लात मारने पर आपत्ति थी, जिस पर आरोपी पुलिस कर्मियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों फौजियों की रिमांड मंजूर हो गई है। सैन्य अधिकारी कार्रवाई से संतुष्ट हैं और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *