इराक में अमेरिकी दूतावास पर हमला, एंबेसी परिसर का हेलीपैड तबाह
Iran War Live News: अमेरिका और ईरान के युद्ध को 15 दिन हो चुके हैं. 15वें दिन ईरान को बड़ा झटका लगा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खार्ग आइलैंड पर जबरदस्त बमबारी की है. यह वही द्वीप है जहां से ईरान का ज्यादातर तेल निर्यात होता है. इसके अलावा ईरान की एक पनडुब्बी डुबो दी गई. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उनके आदेश पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने मध्य पूर्व के इतिहास के सबसे शक्तिशाली बम हमलों में से एक को अंजाम दिया. उन्होंने कहा कि खार्ग आइलैंड पर मौजूद सभी सैन्य ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया.
खार्ग आइलैंड क्यों है खास?
खार्ग आइलैंड फारस की खाड़ी में ईरान के तट से करीब 25 से 30 किलोमीटर दूर स्थित एक छोटा द्वीप है, लेकिन ईरान की अर्थव्यवस्था के लिए इसकी अहमियत बहुत बड़ी है. विशेषज्ञों के मुताबिक ईरान के कुल तेल निर्यात का करीब 80 से 90 प्रतिशत इसी द्वीप से होता है. यहां मौजूद टर्मिनल रोजाना लगभग 70 लाख बैरल तेल लोड करने की क्षमता रखते हैं.
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने फिलहाल द्वीप पर मौजूद तेल ढांचे को निशाना नहीं बनाया है. उन्होंने कहा कि ‘शालीनता’ के कारण तेल सुविधाओं को नहीं उड़ाया गया. लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही में दखल देना जारी रखा तो यह फैसला तुरंत बदला जा सकता है. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब हॉर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ गया है. दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल का कारोबार इसी रास्ते से होता है. अगर यहां जहाजों की आवाजाही बाधित होती है तो वैश्विक तेल बाजार पर बड़ा असर पड़ सकता है.
होर्मुज में जहाजों के लिए रास्ता बनाएगा अमेरिका
इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों को जल्द ही अमेरिकी नौसेना की सुरक्षा दी जा सकती है. पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था ‘बहुत जल्द’ शुरू हो सकती है. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने हाल के हमलों में ईरान को बड़ा नुकसान पहुंचाया है और जरूरत पड़ने तक सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने यह भी बताया कि इस युद्ध को लेकर उनकी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बातचीत हुई है. ईरान अमेरिका युद्ध लाइव: सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देश के पूर्वी क्षेत्र में एक ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया है. मंत्रालय ने एक्स पर जारी बयान में इस कार्रवाई की पुष्टि की, हालांकि ड्रोन कहां से आया और किस जगह गिराया गया, इसकी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है.

