Dailynews

अयोध्या : कैंटोनमेंट बोर्ड ऑफिस पर CBI रेड, सपा नेता ने लगाया था 25 करोड़ के स्कैम का आरोप

अयोध्या के कैंटोनमेंट बोर्ड ऑफिस पर CBI ने छापा मारा। दो गाड़ियों से CBI के अफसर ऑफिस पहुंचे। गेट बंद कर दस्तावेज खंगाल रहे हैं। कुछ कर्मचारियों को घर से बुलाया है। CBI के अफसर इनसे पूछताछ करेंगे।

बताया जा रहा है कि CBI ने टेंडर में अनियमितता और कुछ नियुक्तियों की गड़बड़ी को लेकर छापेमारी की है। कुछ दिन पहले कैंटोनमेंट बोर्ड पर सपा के पूर्व विधायक पवन पांडे ने टेंडर में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।

पवन पांडे ने कहा था कि कैंटोनमेंट बोर्ड में 25 करोड़ से ज्यादा का घपला टेंडर के नाम पर किया गया। जिस कोड से टेंडर निकाला गया, उसी कोड से टेंडर डाला गया। टेंडर निकालने वाला भी वही, टेंडर डालने वाला भी वही। यह भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा प्रमाण है।

सपा नेता ने रक्षा मंत्रालय से जांच की मांग की थी। कहा था- जो भी दोषी हो, उनको बर्खास्त किया जाए। यह देश के साथ छलावा है और अपमान है। छावनी परिषद में बिना नोटिस दिए 100 से अधिक सफाई कर्मियों को निकाल दिया गया।

उन्होंने कहा था- उन परिवारों की रोजी-रोटी छीन ली गई। सपा नेता ने कहा कि ठेकेदार और छावनी परिषद के अधिकारियों ने मोटे कमीशन के लिए वर्षों से काम करते आ रहे सफाई कर्मियों की हटा दिया, जो भ्रष्टाचार का जीता-जागता नमूना है।

पवन पांडे ने छावनी बोर्ड के पूर्व सीओ और अकाउंटेंट पर आरोप लगाते हुए कहा कि 25 करोड़ का टेंडर उन्होंने एक ही फर्म को दिया। फर्म उनके करीबी की है। कैंट क्षेत्र के सफाई, माली और गार्ड का टेंडर मिला था।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *