Crime News

बागपत : भाभी से शादी के लिए भाई का मर्डर, सीने में मारी गोली

Share News

बागपत, दो भाइयों ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। छोटे भाई ने विधवा भाभी से शादी कर ली थी। आरोपी चाह रहे थे कि उनमें से किसी एक के साथ उनकी भाभी की शादी हो, लेकिन उनकी मां ने छोटे भाई से शादी करवा दी थी। घटना बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के गुराना गांव की है।

शुक्रवार को दोनों भाई शराब पीकर मां से झगड़ा कर रहे थे, तभी छोटा भाई दिल्ली से घर पहुंच गया। दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। एक ने उसका हाथ पकड़ा लिया। दूसरे भाई ने उसके सीने में गोली मार दी। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

ASP एनपी सिंह ने बताया कि गुराना गांव के ईश्वर के छोटे बेटे यशवीर (32) को उसके बड़े भाइयों ओमवीर और उदयवीर ने गोली मारकर हत्या कर दी। सबसे बड़े भाई सुखवीर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मां ने सुखवीर की पत्नी रितु की शादी छोटे बेटे यशवीर से करवा दी।

सुखवीर और ओमवीर की शादी नहीं हुई है। दोनों चाह रहे थे कि उनमें से किसी एक की शादी रितु के साथ हो जाए। ऐसा नहीं होने से दोनों अपने छोटे भाई से रंजिश रखने लगे। यशवीर दिल्ली में बस चलाता था और हर दूसरे दिन दिल्ली से अपने घर आता था।

शुक्रवार रात ओमवीर और उदयवीर ने शराब पी। दोनों ने मां से झगड़ा किया। शाम 6 बजे यशवीर दिल्ली से घर पहुंच गया। उसने दोनों भाइयों को समझाया। दोनों शांत हो गए। कुछ देर के लिए घर से बाहर चले गए। रात 10 बजे दोनों घर लौटकर आए।

उन्होंने यशवीर के साथ गाली-गलौज की। दोनों ने उसके साथा मारपीट की। ओमवीर ने यशवीर का हाथ पकड़ लिया। उदयवीर ने उसके सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। यशवीर की मौके पर मौत हो गई।

वारदात की सूचना पर पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। दोनों आरोपियों को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया।

ASP एनपी सिंह ने बताया- आरोपियों ने पूछताछ में बताया-उनकी शादी नहीं हुई थी। घरवालों ने दोनों को नजअंदाज कर भाभी की शादी छोटे भाई से करा दी। इसी बात से दोनों खफा थे, इसलिए उसकी हत्या कर दी। फिलहाल, यशवीर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

2 महीने पहले भी पति से झगड़ा किया था, पुलिस ने कुछ नहीं किया
यशवीर की पत्नी रितु ने बताया-गोली मारने के बाद दोनों वहीं खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। थोड़ी देर बाद दोनों भाग गए। दोनों मुझसे शादी करना चाहते थे। इसलिए लिए मेरे पति को मार डाला।

रितु ने बताया- 2 महीने पहले भी ओमवीर और उदयवीर ने पति से झगड़ा किया था। हमने पुलिस से भी शिकायत की थी। पुलिस और गांव के प्रधान ने मिलकर मामले को दबा दिया। कोई कार्रवाई नहीं की। बस दोनों को चेतावनी देते हुए चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *