Bangladesh : BNP के जीतते ही मिडिल क्लास को मिली खुशखबरी
Bangladesh Chunav 2026 Results : ढाका : बांग्लादेश की राजनीति में आज का दिन यानी 13 फरवरी 2026, सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है क्योंकि दो दशकों के लंबे इंतजार के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है. 12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनाव के जो नतीजे सामने आए हैं, उन्होंने न केवल ढाका की गलियों में ‘धान का शीश’ लहरा दिया है, बल्कि दक्षिण एशिया के कूटनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है. शेख हसीना के पतन के बाद हुए इस पहले चुनाव में जनता ने तारिक रहमान को साफ तौर पर बहुमत दे दिया है.
भारत-बांग्लादेश के रिश्ते
बीएनपी को इस प्रचंड जीत पर दुनिया भर से तारिक रहमान को बधाइयां मिल रही हैं. पीएम मोदी ने भी उन्हें बधाई देते हुए भारत-बांग्लादेश के बीच संबंध बेहतर होने की उम्मीद जताई है. बीएनपी की तरफ से बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (BNP) की स्थायी समिति के सदस्य और 2026 के चुनाव के चीफ को-ऑर्डिनेटर नजरुल इस्लाम खान ने तारिक ने पीएम मोदी को शुक्रिया कहा है और साफ कह दिया है कि ‘तारिक रहमान के नेतृत्व में भारत-बांग्लादेश के रिश्ते मजबूत होंगे’.
बीएनपी ने तोड़ा रिकॉर्ड
बता दें कि बीएनपी को चुनावों में दो-तिहाई बहुमत मिला है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 299 सीटों में से BNP और उसके सहयोगियों ने 212 से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया है. यह पार्टी के इतिहास का सबसे शानदार प्रदर्शन है, जिसने 2001 के अपने पिछले रिकॉर्ड (193 सीटें) को भी पीछे छोड़ दिया है.
लंदन में 17 साल का निर्वासन काटने के बाद लौटे तारिक रहमान ने न केवल अपनी पार्टी को एकजुट रखा, बल्कि खुद ढाका-17 और बोगरा-6 सीटों से बड़ी जीत दर्ज की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब 14 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के लिए तैयार हैं.
जमात-ए-इस्लामी का हाल
बात करें जमात-ए-इस्लामी और उसके सहयोगियों की तो उन्होंने लगभग 76-77 सीटों पर जीत हासिल की है. हालांकि वे सत्ता से दूर रहे, लेकिन संसदीय इतिहास में यह उनकी अब तक की सबसे बड़ी उपस्थिति होगी, जो उन्हें एक मजबूत विपक्षी दल के रूप में स्थापित करती है.
जीत के ठीक बाद तारिक रहमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं से किसी भी तरह के विजय जुलूस या जश्न न मनाने की अपील की है. उन्होंने अपनी दिवंगत मां, बेगम खालिदा जिया को याद करते हुए जुम्मे की नमाज के बाद विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन करने को कहा. तारिक रहमान ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी सरकार का मुख्य एजेंडा भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, युवाओं के लिए रोजगार और भेदभाव रहित बांग्लादेश का निर्माण होगा.
Bangladesh Chunav 2026 Results: खड़गे ने बीएनपी की जीत पर तारिक रहमान को दी बधाई
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीएनपी (BNP) और उसके कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान को इस शानदार जीत पर गर्मजोशी से बधाई दी है. खड़गे ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए साझा किया कि भारत और बांग्लादेश के बीच इतिहास, भाषा और संस्कृति के गहरे संबंध हैं, और कांग्रेस पार्टी एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश का हमेशा समर्थन करती रहेगी ताकि क्षेत्र में स्थिरता और शांति बनी रहे.
BNP Win Live: तारिक रहमान जीते लेकिन जमात भी ‘हारी नहीं’
बांग्लादेश के चुनावी दंगल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है, तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने 213 सीटों के साथ ‘प्रचंड बहुमत’ हासिल कर सत्ता के गलियारों में अपनी धमक दर्ज कराई है, वहीं जमात-ए-इस्लामी ने भी 77 सीटों पर जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक शक्ति का अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन किया है. अवामी लीग की अनुपस्थिति में हुए इन ऐतिहासिक चुनावों ने देश के राजनीतिक ध्रुवीकरण को पूरी तरह बदल दिया है, जहां बीएनपी अब अकेले दम पर सरकार बनाने की स्थिति में है, जबकि जमात-ए-इस्लामी एक मजबूत विपक्षी दल के रूप में उभरकर सामने आई है. भले ही बीएनपी ने क्लीन स्वीप किया है, लेकिन जमात के लिए यह चुनाव किसी ‘संजीवनी’ से कम नहीं रहा, क्योंकि उन्होंने अपने इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में सीटें जीतकर यह साबित कर दिया है कि वे देश की दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बन चुके हैं.
Bangladesh Election 2026 Live: पीएम मोदी ने फोन पर की बात
पीएम मोदी ने पोस्ट करते बताया है कि उन्होंने तारिक रहमान से फोन पर बात की है. उन्होंने कहा ‘मुझे तारिक रहमान के साथ बात करके बहुत खुशी हुई. मैंने उन्हें बांग्लादेश में शानदार जीत के लिए बधाई दी. मैंने बांग्लादेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों में अपनी शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त किया. दो घनिष्ठ पड़ोसी देशों के रूप में, जिनके बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं, मैंने दोनों देशों की जनता की शांति, प्रगति और समृद्धि के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता जाहिर की’.

