बाराबंकी : दूल्हे के सामने प्रेमी ने दुल्हन की मांग भरी
बाराबंकी में शादी के मंडप में फिल्मी ड्रामा हो गया। दूल्हे के सामने प्रेमी ने दुल्हन की मांग भर दी। लड़की वालों का आरोप है कि लड़के वाले दहेज में डेढ़ लाख रुपए और डेढ़ तोले की सोने की अंगूठी की डिमांड करने लगे। इस पर लड़की ने शादी से इनकार कर दिया।
दुल्हन ने मंडप में मौजूद अपने प्रेमी से शादी करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर लड़के ने बारातियों और दूल्हे के सामने ही उसकी मांग भर दी। प्रेमी, दुल्हन की बहन का देवर है।
ये देखते ही बारातियों ने हंगामा कर दिया। दूल्हे के पिता ने लड़कीवालाें पर पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दुल्हन के प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। हंगामे के बाद बारात लौट गई।
पूरा मामला शहर के उत्तर टोला मोहल्ले का है। यहां रहने वाले नरेश की बेटी मोहिनी की शादी हैदरगढ़ के कोठी क्षेत्र के रहने वाले विकास सोनी के साथ फिक्स हुई थी। दोनों की इंगेजमेंट एक महीने पहले हो गई थी।
24 सितंबर को शादी का मुहूर्त निकला था। बुधवार की रात दूल्हा विकास 100 से ज्यादा बारातियों के साथ बारात लेकर उत्तर टोला मोहल्ले पहुंचा। जहां बारातियों का जमकर स्वागत हुआ। लेकिन, द्वारचार से पहले ही अचानक मंडप में माहौल बदल गया।दुल्हन मोहिनी ने बताया, पापा ने विकास से मेरी शादी तय की थी। लेकिन मुझे वो पसंद नहीं था। फिर भी पापा की जिद के आगे मैं शादी को राजी हो गई थी। मंडप में ही दूल्हे वालों ने मेरे पापा से डेढ़ लाख रुपए और डेढ़ तोले सोने की अंगूठी की मांग करने लगे। मेरे पापा मजदूरी करते हैं। ऐसे में उन्होंने इतनी जल्दी इतने पैसे देने में असमर्थता जाहिर की। इस पर दूल्हे वाले बारात वापस ले जाने की बात कहने लगे।
दुल्हन की बहन कोमल ने बताया, जब हम लोग पैसे नहीं दे पाए तो बारात वापस जाने लगी। ये देखते ही मेरी बहन मैं रोने लगी। उसी समय मेरी बहन मेरे देवर शिवांश के पास गई और उससे शादी करने की बात कहने लगी। मेरे देवर ने भी सभी के सामने मेरी बहन की मांग में सिंदूर भर दिया। मुझे भी आज ही ये बात पता चली कि मेरे देवर और मेरी बहन का तीन साल से अफेयर चल रहा था। लेकिन पापा के सामने मेरी बहन कुछ बोल नहीं पा रही थी।
शादी के मंडप में प्रेमी के मांग भरने के बाद हंगामा हो गया। बारातियों ने तोड़फोड़ की धमकी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी समेत दूल्हे को चौकी ले गई।