Crime News

बस्ती : दूल्हे ने दहेज में मिली कार से दो लोगों को रौंद दिया, इलाज के दौरान मौत 

बस्ती, दूल्हे ने दहेज में मिली कार से दो लोगों को रौंद दिया। हादसे में घायल दोनों युवकों की अयोध्या में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दूल्हे के साथ उसके 3 दोस्त भी कार में मौजूद थे। दूल्हा कार को काफी तेज रफ्तार से दौड़ा रहा था। जिससे ये हादसा हुआ।

हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे और तीनों दोस्तों को हिरासत में ले लिया। हादसा परशुरामपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव में रविवार दोपहर हुआ। हादसे के समय कार में दुल्हन मौजूद नहीं थी। दुल्हन का गौना 15 दिसंबर को होना है।

गोंडा के उदई गांव में रहने वाला सूरज एक सीमेंट कंपनी में इंजीनियर है। शनिवार को उसकी बारात गोरखपुर गई थी। सूरज को दहेज में टाटा नेक्सॉन कार मिली थी। रविवार को बारात से लौटते वक्त सूरज खुद कार ड्राइव कर रहा था। केशवपुर के पास उसकी तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े घुरहू और लाल बहादुर को रौंद दिया। फिर कार आंगनबाड़ी केंद्र की दीवार से टकराकर रुक गई।

इस हादसे में जिस लाल बहादुर की मौत हुई है, 14 दिन पहले उनकी मां की भी मौत हो गई थी। मृतक लाल बहादुर के यहां मां की शनिवार को तेरहवीं थी। वह 4 भाइयों में सबसे छोटा था। शनिवार को मां की तेरहवीं के लिए टेंट हाउस से सामान आया था।

रविवार को वह गांव के घुरहू का ठेला बुलाकर वहीं सामान पहुंचाने जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों सड़क पार करने के लिए किनारे खड़े थे। तेज रफ्तार कार आते समय दोनों पीछे भी हटे, लेकिन कार ने उन्हें रौंद दिया।

सीओ हरैया शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अयोध्या रेफर कर दिया गया। जहां दोनों की मौत हो गई। अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। दूल्हे से पूछताछ की जा रही है। तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। दोनों मृतकों के परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *