Crime News

सहारनपुर में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 3 की मौत: 150 मीटर दूर गिरे चीथड़े

यूपी के सहारनपुर के देवबंद में शनिवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है, क्योंकि घटना के वक्त फैक्ट्री के अंदर 10 से ज्यादा लोग मौजूद थे।

विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरी बिल्डिंग ढह गई। शवों के चीथड़े 100 से 150 मीटर दूर तक जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के समय ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो।

हादसे की सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। इलाके को सील कर दिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।

हादसे से गुस्साए परिजनों ने हाईवे जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि अवैध फैक्ट्री चलाई जा रही थी।

फैक्ट्री निहालखेड़ी गांव में है। यह जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर और देवबंद तहसील से करीब 8 किलोमीटर दूर है। DM मनीष बंसल ने बताया-सुबह साढ़े 6 बजे की घटना है। यहां पर एक लाइसेंसी पटाखों की फैक्ट्री चल रही थी। वहां अचानक से ब्लॉस्ट हो गया।

सूचना पर फारेंसिक टीम और पुलिस पहुंची। फैक्ट्री के संचालक समेत 3 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना को लेकर गांव वालों में आक्रोश हैं। हम उनको समझा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एक युवक मौके पर पहुंचा। पहले उसने अपने बेटे को इधर-उधर तलाशा, लेकिन जब वह नहीं मिला तो सड़क पर बैठकर रोने लगा। वह कहने लगा- मेरे बेटे, एक बार शक्ल तो दिखा दो।

ग्रामीण सानगुड़ ने बताया- धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज आठ गांवों तक सुनाई दी। ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो। एक किलोमीटर तक लाशों के टुकड़े बिखर गए।

प्रशासन इसे हल्के में ले रहा है। क्या हमें रोने का भी हक नहीं है? सुबह 8 बजे महिलाओं की एक और शिफ्ट आती है।

अगर वे वहां होतीं, तो बड़ा हादसा हो जाता। हादसे से ठीक 10 मिनट पहले मालिक अचानक वहां से चला गया।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *