News

 बुलंदशहर : भाजपा नेता पर प्लॉट बेचने के नाम पर  35 लाख की ठगी का आरोप

बुलंदशहर में जमीन के नाम पर 35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एक भाजपा नेता और योग गुरु के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता तान्या वर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।

पीड़िता के अनुसार, उनके पिता मनोज वर्मा ने वर्ष 2021 में कस्बा नगर के कोटियात क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा था। उसी के पास एक और खाली प्लॉट देखकर जानकारी ली गई। तब भाजपा नेता नरेंद्र बंसल ने खुद को उस जमीन का मालिक बताया और उसे बेचने का प्रस्ताव दिया।

40 लाख रुपये में तय

आरोप है कि वर्ष 2024 में लगभग 80 वर्ग गज जमीन का सौदा 40 लाख रुपये में तय हुआ। इसमें से 24.50 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से और 10.50 लाख रुपये नकद आरोपी को दिए गए। रजिस्ट्री में देरी होने पर पीड़ित पक्ष को संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि उक्त जमीन आरोपी की नहीं है और उस पर विवाद चल रहा है।

पीड़िता का आरोप है कि जब पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और झूठे आश्वासन देता रहा। बाद में न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे लौटाए गए। पैसे मांगने पर अभद्र व्यवहार और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

35 लाख रुपये की ठगी की

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने कुल 35 लाख रुपये की ठगी की है। पूर्व में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद दोबारा प्रार्थना-पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई गई। पीड़िता की शिकायत और एसएसपी के आदेश पर नगर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *