बुलंदशहर : प्रेमी और शादीशुदा प्रेमिका ने जान दे दी
बुलंदशहर में एक शादीशुदा महिला और उसके 16 साल छोटे प्रेमी ने सुसाइड कर लिया। महिला ने अपने घर में फांसी लगाई। जैसे ही इस बात की जानकारी लड़के को हुई, उसने घर के पास बने बकरी फार्म में जाकर फांसी लगा ली। दोनों ने 1 घंटे के अंदर जान दी।
गांव के लोगों के मुताबिक, दोनों को 16 दिन पहले परिजनों ने एक साथ देखा था। जिसके बाद प्रेमिका का अपने पति से विवाद हुआ था। महिला को दोबारा प्रेमी से न मिलने की चेतावनी दी गई थी।
मामला बुलंदशहर के थाना अहमदगढ़ क्षेत्र का है। महिला का नाम रीना (36) और उसका प्रेमी करण (20) था। दोनों के शव सोमवार सुबह परिजनों को मिले। दोनों का घर उटरावली गांव में है। दोनों पड़ोसी थे। रीना की शादी साल 2006 में गंगा प्रसाद से हुई थी। 1 साल से दोनों के बीच अफेयर चल रहा था।
बेटी की मौत की खबर पर रीना के पिता हरीशचंद्र उसकी ससुराल पहुंचे। उन्होंने बताया, मेरे दामाद तो सीधे हैं। मेरी बेटी ने ही गलती की थी। उसको घर से निकले से रोका गया, तभी उसने सुसाइड कर लिया। गांव वाले सब बता रहे हैं, अब मैं इस पर क्या बोलूं?
इस मामले में ग्रामीणों का कहना है, इन दोनों को 14 जून को एक साथ खेत में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उसके बाद दोनों की गांव में बहुत बेइज्जती हुई थी। दोनों के परिवारों में भी बहुत विवाद हुआ था। उस दिन के बाद से करण रीना से मिल नहीं पा रहा था। तभी दोनों ने सुसाइड किया है।
एसपी देहात डॉ तेजवीर सिंह ने बताया, दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। मामले में जांच की जा रही है। महिला रीना का एक लड़का भी है। उसका पति मजदूरी करता है। रीना अनपढ़ है। वहीं करन 8वीं पास है। वह एक साल से अपनी बुआ के बेटे के फार्म को संभाल रहा था।