Crime News

बुलंदशहर : जयमाला से पहले दुल्हन ने खा लिया जहर

बुलंदशहर में जयमाला से पहले दुल्हन ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शादी की शहनाई के बीच दुल्हन की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। घटना छतारी थाना क्षेत्र के कमौना गांव की है।

बनवारीलाल की बेटी सोनम (22) की शादी शिकारपुर थाना क्षेत्र के डडुआ मुस्तफाबाद निवासी टिंकू (25) से तय हुई थी। शनिवार रात आठ बजे बारात पहुंची थी। स्वागत और दावत का कार्यक्रम पूरा हो चुका था। जयमाला की तैयारी चल रही थी कि इसी बीच सोनम को पेट दर्द होने लगा। उसने अपने परिजनों से बताया। परिजन उसे फौरन अस्पताल लेकर भागे, लेकिन जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने सोनम को मृत घोषित कर दिया।

सोनम के शव को अलीगढ़ भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम किया गया। मौत का कारण स्पष्ट न होने पर डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस को सूचना दे दी गई थी, लेकिन पीड़ित परिवार ने कार्रवाई से इनकार कर दिया है। थाना इंचार्ज संदीप कुमार व सीओ डिबाई शोभित कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली थी, लेकिन परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच व कार्रवाई की जाएगी।

दुल्हन के भाई रवि ने बताया कि बारात चढ़ रही थी। सभी बाराती खाना खा रहे थे। जयमाला की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दो लड़के बाइक से आए और सीधे घर में घुस गए। उन्होंने मेरी बहन से पता नहीं क्या कहा। उसे कुछ दिया और मेरी बहन ने खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने किया अंतिम संस्कार, हाथ में लगी थी मेंहदी सोनम तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। पिता बनवारीलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। रविवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। घरवालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सोनम के हाथों में शादी की मेहंदी अभी भी रची हुई थी। गांव में मातम छा गया। शादी के गीतों की जगह अब सिर्फ सिसकियां सुनाई दे रही हैं।

दुल्हन वाली घटना पर एसएसपी का बयान एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि दुल्हन की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। प्रारंभिक जांच में अभी कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है। परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। शव का पोस्टमॉर्टम अलीगढ़ जनपद में हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले पर नजर बनी हुई है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *