बुलंदशहर : बसपा ने की सभी 7 सीटों पर प्रभारी घोषित
बुलंदशहर में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत बुलंदशहर जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर प्रभारी नियुक्त किए हैं। संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो-दो प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाना और आगामी चुनाव की तैयारियों को समय पर मजबूत करना भी लक्ष्य है। ये प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन विस्तार, जनसंपर्क और पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार का कार्य देखेंगे।
बसपा जिलाध्यक्ष रविन्द्र प्रधान ने नियुक्तियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट पर पूर्व जिलाध्यक्ष कमल राजन और प्यारेलाल जाटव को प्रभारी बनाया गया है। सिकंदराबाद विधानसभा के लिए अर्जुन गौतम और गजराज सिंह को जिम्मेदारी मिली है।
इसी तरह, स्याना विधानसभा के लिए तेजपाल सिंह दीवान और इंद्रजीत सिंह, अनूपशहर विधानसभा के लिए प्रकाश चंद्र बादल और डॉ. वीरेन्द्र भारती को नियुक्त किया गया है। डिबाई विधानसभा के लिए अजय कुमार और बाबूराम सागर, जबकि शिकारपुर विधानसभा के लिए पंकज गौतम और प्रदीप कुमार को प्रभारी बनाया गया है।
खुर्जा विधानसभा सीट पर अंकित गौतम और बाबूलाल गौतम को प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक सीट पर दो-दो प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
बसपा नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्हें अपने क्षेत्रों में नियमित दौरे करने, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए कहा गया है। पार्टी का मानना है कि समय पर की गई यह संगठनात्मक तैयारी ‘मिशन 2027’ को मजबूती प्रदान करेगी।

